रणजीत होंगे सम्राट चौधरी के सेक्रेटरी, नीतीश सरकार ने 5 मंत्रियों को दिए नए आप्त सचिव
बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन के बाद दो डिप्टी सीएम समेत 5 मंत्रियों को नए आप्त सचिव मिल गए हैं। बिप्रसे अधिकारी रणजीत कुमार गृह मंत्री सह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पर्सनल सेक्रेटरी होंगे।
बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा समेत 5 मंत्रियों को नीतीश सरकार ने नए आप्त सचिव दे दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय को इसकी सूचना भेज दी है। बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के अधिकारी रणजीत कुमार राज्य के नए गृह मंत्री सह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के आप्त सचिव यानी पर्सनल सेक्रेटरी होंगे। इसके अलावा मंत्री अशोक चौधरी, मदन सहनी एवं नारायण प्रसाद के आप्त सचिवों की भी तैनाती की गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने आप्त सचिव के रूप में बिहार प्रशासनिक सेवा के पांच पदाधिकारियों की तैनाती के लिए उनकी सेवाएं मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग को सौंप दी है। सुनील कुमार तिवारी को उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का आप्त सचिव नियुक्त जाएगा। वहीं, संजीव कुमार को मंत्री अशोक चौधरी, गिरधारी लाल को मंत्री मदन सहनी और पूर्णेंदु कुमार को मंत्री नारायण प्रसाद का आप्त सचिव बनाया जाएगा।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की प्रचंड जीत के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले महीने नई सरकार का गठन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश ने पहली बार सबसे अहम माना जाने वाला गृह विभाग छोड़कर भाजपा को दे दिया और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को नया गृह मंत्री बनाया गया।
20 नवंबर को नीतीश कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह हुआ, उसके बाद अलग-अलग दिनों में सभी मंत्रियों ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। गृह मंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी फॉर्म मे नजर आ रहे हैं। बिहार पुलिस का कंट्रोल मिलने के बाद राज्य में कानून व्यवस्था को सख्त करने के लिए वे कई कदम उठा रहे हैं, जिनकी सियासी गलियारों में चर्चा हो रही है।





