रामनवमी : बिहार में डीजे संग शोभायात्रा पर रोक, पटना में कई रास्तों पर पाबंदी; समझ लें रूट

हिन्दुस्तान टीम
Follow us on Google News
share

आईजी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि सभी शोभायात्रा के लिए लाइसेंस निर्गत करें। इसमें शामिल लोगों की संख्या एवं साउंड सिस्टम आदि की विवरणी का लाइसेंस में स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए। शोभायात्रा के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करें।

रामनवमी : बिहार में डीजे संग शोभायात्रा पर रोक, पटना में कई रास्तों पर पाबंदी; समझ लें रूट

रामनवमी पर बिहार में किसी भी शोभायात्रा के साथ डीजे रहने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस महानिरीक्षक केंद्रीय क्षेत्र जितेंद्र राणा ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि रामनवमी पर डीजे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई जुलूस डीजे के साथ निकलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें। शोभायात्रा के लिए जो रूट निर्धारित है उसके अनुसार समितियों को जुलूस निकालने को कहें। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई जाए। मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में पुलिस अधिकारियों की बैठक में आईजी ने ये निर्देश दिये।

उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि सभी शोभायात्रा के लिए लाइसेंस निर्गत करें। इसमें शामिल लोगों की संख्या एवं साउंड सिस्टम आदि की विवरणी का लाइसेंस में स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए। शोभायात्रा के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करें। कोई भी शोभायात्रा बगैर पुलिस स्कॉट के नहीं निकलेगी। इस गुजरने के मार्ग पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के इंतजाम सुनिश्चित हो। असामाजिक तत्वों पर नजर रखें। कितनी शोभायात्रा ऑन रूट हैं और कितनी तय स्थान पर पहुंच चुकी हैं, इसकी जानकारी थानाध्यक्ष वरीय अधिकारियों को जरूर देंगे। शोभायात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो इसका भी ख्याल रखेंगे।

पटना में कई रास्तों पर वाहनों के लिए पाबंदी

रामनवमी के लिए पटना यातायात पुलिस ने कई रूटों पर वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई है, जबकि कई जगहों पर रूट डायवर्जन किया गया है। यातायात पुलिस द्वारा जारी आदेश के अनुसार आर ब्लॉक से पटना जंक्शन की ओर 26 मार्च की रात आठ बजे से अगले दिन रात 11 बजे तक वाहनों का परिचालन नहीं होगा, लेकिन इस रूट पर अनिवार्य सेवा जैसे अग्निशमन, एंबुलेंस और शव वाहनों का परिचालन हो सकेगा।

महावीर मंदिर में दर्शन करने वाले लोग वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी गेट से प्रवेश कर कतारबद्ध होंगे। वीर कुंवर सिंह पार्क, जीपीओ गोलंबर होते हुए महावीर मंदिर तक जा सकेंगे। आर ब्लॉक से जीपीओ एवं पटना जंक्शन की ओर किसी भी वाहनों का परिचालन नहीं होगा। महावीर मंदिर के निकट व पटना जंक्शन गोलंबर के पूरब वीणा सिनेमा रोड तक सभी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

गरियाटोली व करबिगहिया की तरफ से पटना जंक्शन को आने वाले वाहन जमाल रोड दक्षिण से यू टर्न लेकर वापस जाएंगे। डाकबंगला चौराहा से पटना जंक्शन के बीच वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। मेट्रो निर्माण कार्य को देखते हुए जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहा होते हुए जुलूस स्वामीनंदन तिराहा, एसपी वर्मा रोड, न्यू डाकबंगला रोड से डाकबंगला चौराहा तक जा सकेंगे।

बुद्धमार्ग फ्लाईओवर के नीचे रास्ता बंद रहेगा

बुद्ध मार्ग में फ्लाईओवर के नीचे जंक्शन जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। यहां जीपीओ आरओबी का प्रयोग कर लोग गंतव्य तक जा सकेंगे। बुद्ध मार्ग होकर दर्शनार्थियों को कतार लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रसाद व फूल आदि विक्रय के लिए वीर कुंवर सिंह पार्क के पश्चिमी छोर का उपयोग किया जा सकता है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।