अगली बार विपक्ष के नेता भी नहीं बन पाएं शायद, तेजस्वी के लिए क्यों बोले राम कृपाल यादव
कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की बड़ी जिम्मेवारी होती है। ऐसा पहली बार है कि सदन से विपक्ष के नेता गायब रहे। जनता सब देख रही है।

बिहार विधानसभा के पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र का शुक्रवार को समापन हो गया। नेता प्रतिपक्ष पहले दिन के बाद सदन की कार्यवाही में नहीं दिखे। इसी बीच उनके यूरोप चले जाने की खबर आई। इस पर सियासत सुलग गई है। दो चार दिन पहले गले मिल बधाई स्वीकार करने वाले राम कृपाल यादव ने तेजस्वी पर बड़ा हमला किया। उन्होंने कहा है कि अगली बार जनता उन्हें विपक्ष का नेता बनने लायक भी मैंडेट नहीं देगी। उन्होंने तेजस्वी पर लोकतंत्र का अपमान करने का आरोप लगाया।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए नीतीश सरकार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की बड़ी जिम्मेवारी होती है। ऐसा पहली बार है कि सदन से विपक्ष के नेता गायब रहे। सत्र इतना महत्वपूर्ण रहा लेकिन तेजस्वी यादव ने अपने दायित्यों को निर्वहन नहीं किया। यह लोकतंत्र का अपमान है। बिहार की जनता सब देख रही है। शायद अगली बार विपक्ष का नेता बनने का मैंडेट भी जनता इन्हें नहीं देगी। एक दिसम्बर को सत्र के पहले दिन विधानसभा में बेहतर तस्वीर दिखी जब शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव अपनी सीट से उठकर राम कृपाल यादव के पास पहुंचे और गले लगकर बधाई दी।
तेजस्वी यादव के सत्र से गायब रहने पर विपक्ष के सदस्य एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल ईमान ने भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ने अपने जिम्मेदारी नहीं निभाई। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है। जब विपक्ष की संख्या कम हो तब विपक्ष का नेता ही गायब रहे तो यह संवेदनहीनता है। इस वक्त उनका नहीं रहना मुनासिब नहीं है। जदयू के नीरज कुमार ने तो यहां तक कह दिया कि जिसके पिता बीमार हों वह बेटा विदेश में सैर सपाटा करने चला जाए, यह तो गजब की बात है। नेता प्रतिपक्ष किस देश में हैं और किसके साथ हैं इसका फोटो जारी करना चाहिए। बीजेपी विधायक मिथिलेश तिवारी ने तेजस्वी को इस्तीफा देने की सलाह दी।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

