वोटिंग से 48 घंटे पहले सम्राट चौधरी और संजय झा की बैठक, दावा- विपक्ष के कई विधायक टूटेंगे
बिहार में राज्यसभा चुनाव के मतदान से पहले एनडीए में बैठकों का दौर चल रहा है। शनिवार सुबह डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से मिले। शाम में उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर एनडीए विधायकों की बैठक होगी।
Rajya Sabha Elections: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत गर्माई हुई है। मतदान से लगभग 48 घंटे पहले एनडीए के दो प्रमुख नेताओं के बीच बैठक हुई है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शनिवार को साथ बैठकर मंथन किया। बैठक के बाद झा ने दावा किया कि एनडीए सभी 5 सीटों पर जीत दर्ज करेगा। उन्होंने विपक्ष में बड़ी टूट होने का दावा भी किया। संजय झा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में विपक्ष के कई विधायक भी एनडीए के पक्ष में वोट करेंगे।
बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को मतदान होना है। एनडीए ने पांच प्रत्याशी उतारे हैं, जिनमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश राम शामिल हैं।
विपक्ष की ओर से भी लालू एवं तेजस्वी यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने एडी सिंह को मैदान में उतारा है। 5 सीटों पर कुल 6 प्रत्याशी होने से 12 सालों बाद बिहार में राज्यसभा चुनाव के मतदान की नौबत आई है। सत्ताधारी गठबंधन की 4 सीटों पर जीत तय मानी जा रही है। लेकिन 5वीं सीट को जीतने के लिए एनडीए को 3 अतिरिक्त विधायकों की जरूरत पड़ेगी।
इसी तरह महागठबंधन को भी आरजेडी प्रत्याशी को जिताने के लिए 6 अतिरिक्त विधायकों के वोट चाहिए। तेजस्वी को उम्मीद है कि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के पांच और बसपा का एक विधायक, एडी सिंह को वोट करेंगे। आरजेडी और AIMIM के बीच इस पर वार्ता भी हुई है।
फिलहाल सत्ता पक्ष और विपक्ष, दोनों खेमों से जीत के अपने-अपने दावे किए जा रहे हैं। ऐसे में सोमवार को मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग के आसार नजर आ रहे हैं।
एनडीए विधायकों को एकजुट रहने को कहा जा रहा
एनडीए ने अपने विधायकों की घेराबंदी कर दी है। दो दिन पहले पटना में सम्राट चौधरी के आवास पर एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी, उसमें सभी MLA को 16 मार्च तक पटना में ही रहने के निर्देश दिए। शनिवार को रालोमो चीफ उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर एनडीए विधायक दल की बैठक होगी। इसके बाद रविवार को डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के आवास पर एनडीए विधायकों की मीटिंग की जाएगी।
राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान सोमवार को बिहार विधानसभा परिसर में होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बिहार की जिन पांच सीटों पर चुनाव होने जा रहा है, उनमें अभी तीन एनडीए और दो आरजेडी के सांसद हैं। इनका कार्यकाल अप्रैल 2026 में खत्म हो जाएगा।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो के इनपुट के साथ)
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


