RS Election: वोटिंग से गायब रहे 3 विधायकों पर ऐक्शन लेगी कांग्रेस, राजेश राम ने बताया बड़ा झटका

sandeep लाइव हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

राज्यसभा चुनाव के नतीजों के बाद बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि महागठबंधन उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं देने वाले 3 विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा। 

RS Election: वोटिंग से गायब रहे 3 विधायकों पर ऐक्शन लेगी कांग्रेस, राजेश राम ने बताया बड़ा झटका

बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों के लिए हुए चुनाव के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। मतदान के बाद हुई मतगणना में एनडीए पांचों सीटें जीतने में सफल रही।जबकि महागठबंधन को तगड़ा झटका लगा। पांचवीं सीट को लेकर मुकाबला काफी रोचक रहा, जहां वोटों की रिकाउंटिंग तक करानी पड़ी। मतदान के दौरान एनडीए के सभी 202 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दूसरी ओर महागठबंधन के चार विधायक वोट डालने के लिए विधानसभा नहीं पहुंचे। इनमें कांग्रेस के तीन विधायक और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का एक विधायक शामिल है। इन विधायकों के मतदान में शामिल न होने का सीधा असर चुनाव परिणाम पर पड़ा।

मतगणना के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि पांचवीं सीट पर वोटों की दोबारा गिनती कराई गई थी। हालांकि इसके बावजूद महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह को हार का सामना करना पड़ा। माना जा रहा है कि महागठबंधन के चार विधायकों के वोट न पड़ने से यह परिणाम प्रभावित हुआ। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में महागठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में वोट नहीं देने वाले विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

विधायकों के वोट नहीं करने से लोकतंत्र शर्मसार- राजेश राम

राजेश राम ने कहा कि जिन विधायकों ने मतदान नहीं किया, उनके इस कदम से लोकतंत्र शर्मसार हुआ है और यह पार्टी के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि मतदान से एक दिन पहले तक ये विधायक पार्टी नेतृत्व के संपर्क में थे, लेकिन अचानक मतदान के दिन उनका गायब हो जाना कई सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि उनके विधायकों को भारतीय जनता पार्टी ने दबाव में रखा या उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया गया। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पार्टी हाईकमान को रिपोर्ट भेजी जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और राज्यसभा चुनाव का परिणाम सियासी बहस का विषय बन गया है।

आपको बता दें एनडीए के पांचों प्रत्याशियों की जीत हुई है। सीएम नीतीश कुमार और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहली बार राज्यसभा जाएंगे। वहीं जदयू के रामनाथ ठाकुर और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा दूसरी बार चुने गए हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में हार का सामना करने वाले भाजपा के शिवेश राम भी जीत हासिल करने में कामयाब रहे।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।