राजगीर और सासाराम बनेंगे दो नए रेल पुलिस अनुमंडल, DSP को जिम्मेदारी; बिहार सरकार को मिला प्रस्ताव
बता दें कि राजेंद्र नगर टर्मिनल सहित हिलसा और कुर्सेला में यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए नया थाना खोलने का भी प्रस्ताव है। इससे रेल यात्रियों को सुविधा होगी। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर रेल अंचल की संख्या 17 से बढ़ कर 21 हो जाएगी।
बिहार में राजगीर और सासाराम दो नये रेल पुलिस अनुमंडल बनेंगे। इन अनुमंडलों की जिम्मेदारी नये रेल डीएसपी संभालेंगे। बिहार पुलिस मुख्यालय ने नये रेल पुलिस अनुमंडल के गठन और पद सृजन से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा है। इन दो नये रेल पुलिस अनुमंडलों का गठन होने पर राज्य के रेल पुलिस अनुमंडलों की संख्या 12 से बढ़ कर 14 हो जायेगी।
बिहार पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रेल और रेलयात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेल पुलिस का विस्तार किए जाने पर उच्चस्तरीय सहमति बनी है। इसको देखते हुए चार नये रेल सर्किल और तीन नये रेल थाना बनाने का प्रस्ताव भी सरकार को भेजा गया है। नालंदा के राजगीर, गोपालगंज के थावे, खगड़िया और पूर्णिया में नया रेल सर्किल कार्यालय बनेगा। इनमें इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी की तैनाती होगी। इसी तरह, पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल, नालंदा के हिलसा और कटिहार के कुर्सेला में नया पुलिस थाना गठन किये जाने से संबंधित प्रस्ताव है।
वर्तमान में राजेंद्र नगर टर्मिनल स्टेशन पर जीआरपी पुलिस पोस्ट के रूप में तैनात है, जिसकी निगरानी पटना जंक्शन रेल थाना के माध्यम से होती है। राजेंद्र नगर टर्मिनल सहित हिलसा और कुर्सेला में यात्रियों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए नया थाना खोलने का प्रस्ताव है। इससे रेल यात्रियों को सुविधा होगी। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर रेल अंचल की संख्या 17 से बढ़ कर 21 और रेल थाना की संख्या 69 से बढ़ कर 72 हो जायेगी।
अहम बातें-
● रेल जिला : चार (पटना, मुजफ्फरपुर, कटिहार, जमालपुर)
● रेल अनुमंडल : 12
● रेल अंचल : 17
● रेल पुलिस स्टेशन : 69 (चार रेल साइबर थाना सहित)


