Bihar Weather: बिहार में आज छाता लेकर ही निकलें, भागलपुर-मधुबनी और जमुई में भारी बारिश; कई जिलों में वज्रपात

हिन्दुस्तान, पटना
Follow us on Google News
share

Bihar Weather: बिहार में आज एक बार फिर कई जिलों में बारिश का दौर रहेगा। सुबह के वक्त से ही कई जगहों पर आसमान में काले बादलों का डेरा है। मौसम विभाग ने पटना, गयाजी समेत मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा के लिए मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। 

Bihar Weather

Bihar Weather: बिहार के कई जिलों में आज झमाझम बारिश होगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले आप छाता या रेनकोट जरूर सााथ रखें। मौसम विभाग ने मंगलवार को 12 जिलों में अतिभारी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें दरभंगा, कटिहार, पूर्णिया और सुपौल में अत्यधिक भारी बारिश का औरेज अलर्ट तो अररिया, बांका, भागलपुर, जमुई, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी और सहरसा में भारी बारिश की चेतावनी है। पटना, गयाजी समेत मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा के लिए मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इससे पहले मानसून ट्रफ के मुजफ्फरपुर पहुंचने से सोमवार को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई है। मधुबनी जिले के मधवापुर में सर्वाधिक वर्षा 276.6 मिमी बारिश हुई। साथ ही गोपालगंज, सीवान, सारण, अररिया, मधेपुरा एवं मधुबनी में बादल जमकर बरसे।

रविवार को सात जिलों में हुई बादलों की सक्रियता से राज्य में बारिश के आंकड़ों में सुधार आया है। अभी राज्यभर में बारिश की कमी 43 प्रतिशत दर्ज की गई। राज्य में अबतक 177.7 मिमी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पश्चिमी चंपारण के मैनाटांड़ में 169.8 मिमी, सारण में अमनौर में 109 मिमी, पश्चिमी चंपारण के नरकटियागंज 106.2 मिमी, सीवान के दरौली में 105.4 मिमी, मधुबनी के लौकही में 88.4 मिमी, गोपालगंज में 88.2 मिमी, सीवान के रघुनाथपुर में 76.6 मिमी, किशनगंज के तैयबपुर में 75.5 मिमी, बेतिया में 71.2 मिमी, सीवान के मैरवा में 65.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र

बंगाल की खाड़ी में अगले एक हफ्ते में दो कम दबाव का क्षेत्र विकसित होगा। अगले एक दो दिनों में एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होगा जो धीरे-धीरे चक्रवाती परिसंचरण में तब्दील होगा। इसके अलावा 18 और 19 जुलाई के आसपास एक और कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने के आसार हैं। इसके प्रभाव से राज्य में हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बनी रहेगी। इससे अधिकतम तापमान नियंत्रित रहेगा। जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी वहां उमस भरी गर्मी की स्थिति बनी रहेगी।

पटना में उमस की रही स्थिति

सोमवार को पटना में उमस की स्थिति रही। बादलों की आवाजाही के बीच तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में अधिकतम तापमान की स्थिति 30 से 36 डिग्री के बीच बनी हुई है। उत्तर बिहार में अपेक्षाकृत तापमान कम है।

भागलपुर में सामान्य से कम बारिश हुई

मानसून के आगमन को करीब एक माह होने वाला है, लेकिन अब तक बारिश की बेरुखी बनी हुई है। कम वर्षा होने के कारण किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है। धान समेत अन्य खरीफ फसलों की बुआई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार जुलाई महीने में अब तक सामान्य से लगभग 50 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। 13 जुलाई तक जिले में 144.5 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन केवल 72.4 मिलीमीटर बारिश ही रिकॉर्ड की गई है। पूरे जुलाई महीने की औसत वर्षा 309 मिलीमीटर मानी जाती है।

जून में 70 प्रतिशत कम बारिश हुई थी: जून में जिले में सामान्य 183 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले महज 45 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो लगभग 70 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। लगातार दूसरे महीने सामान्य से कम बारिश होने से जिले में कृषि गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।