Bihar Weather: बिहार में अगले तीन घंटे भारी, यहां बारिश-वज्रपात और तेज हवाएं चलेंगी; आगे कैसा रहेगा मौसम

Nishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

Bihar Weather: मौसम विभाग के मुताबिक, सूबे में तीन मई तक अलग-अलग जगहों पर आंधी-पानी के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और छिटपुट वर्षा से मौसम सामान्य बना रहेगा।

Bihar Weather: बिहार में अगले तीन घंटे भारी, यहां बारिश-वज्रपात और तेज हवाएं चलेंगी; आगे कैसा रहेगा मौसम

Bihar Weather: बिहार के 22 जिलों में बुधवार को आंधी और बारिश से भीषण तपिश से राहत मिली। हालांकि तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही भी मचाई। आम, लीची और मूंग एवं मक्के की फसल को भारी नुकसान हुआ है। कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली आपूर्ति बाधित रही। हालांकि, बिहार में मौसम बदलने के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत जरुर मिली है लेकिन कुछ जिलों में तबाही भी हुई है। बिहार में अभी बारिश का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, सूबे में तीन मई तक अलग-अलग जगहों पर आंधी-पानी के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के दक्षिणी भागों के कुछ स्थानों पर बादल छाए रहने, तेज हवा चलने और छिटपुट वर्षा से मौसम सामान्य बना रहेगा। उत्तर बिहार के 18 जिलों के अलग-अलग स्थानों पर तेज हवा के साथ मेघ गर्जन और हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है।

अगले तीन घंटे भारी

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अरवल, औरंगाबाद, गया, जहानाबाद, नवादा, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, जमुई, नालंदा, रोहतास और शेखपुरा जिले के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघगर्जन, वज्रपात तथा बारिश के साथ-साथ तेज गति से हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है।

मुजफ्फरपुर में आज और कल भी बारिश के आसार

जिले के तापमान में बुधवार को तेजी से गिरावट आई। देर शाम आंधी-बारिश से अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इससे लोगों को तपिश से तो राहत मिली, लेकिन आंधी से पेड़ गिरने के कारण आवागमन बाधित हो गया। वहीं, बिजली घंटों गुल रही, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, कई जगह ओएचई तार टूटने से देर रात तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा।

पूसा स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि 30 अप्रैल और एक मई को भी बारिश होने की संभावना है। इसका असर जिले के 16 में से कम से कम नौ प्रखंडों में रह सकता है, जो खरीफ बीज की बुआई में लाभदायक साबित होगा। इधर, बुधवार को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान भी घटकर महज 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

भागलपुर में सुहाना मौसम

पूर्वी भारत पर बने कम दबाव का क्षेत्र के कारण जिले का मौसम बुधवार को भी खुशनुमा रहा। दिनभर बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को जहां तेज धूप से राहत मिली। वहीं नमीयुक्त तेज पूर्वा हवा से लोगों को भीषण गर्मी का अहसास नहीं हुआ। शाम छह बजे आसमान में काले घने बादल छा गए और 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की गति से आंधी चलने लगी। इसके साथ ही करीब एक घंटे तक बारिश हुई।

भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 30 अप्रैल से तीन मई के दौरान जिले में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से आंधी व तेज हवाएं चलने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 21-22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।