मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल के बीच टनल खुदाई का रास्ता साफ, दौड़ेगी पटना मेट्रो

Mar 10, 2026 06:48 am ISTNishant Nandan हिन्दुस्तान प्रतिनिधि, पटना
share

Patna Metro: मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल होते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन के पहले तक लगभग 1800 मीटर में टनल तैयार होना है। इसमें मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक लगभग 800 मीटर में टनल तैयार किया जाएगा।

मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल के बीच टनल खुदाई का रास्ता साफ, दौड़ेगी पटना मेट्रो

पटना मेट्रो (Patna Metro) कॉरिडोर-टू में मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल के बीच 12 मार्च से फिर से खुदाई शुरू होगी। इसके लिए रेलवे ने पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (पीएमआरसी) को नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट दे दिया है। मोइनुल हक स्टेडियम से खुदाई शुरू हुई थी, लेकिन, राजेन्द्र नगर टर्मिनल के पहले रेलवे पटरी के समीप टनल तैयार करने के बाद रेलवे से एनओसी नहीं मिलने के कारण दिसंबर 2025 में ही निर्माण कार्य को रोक दिया गया था। इस कारण टनल तैयार होने में विलंब होगा।

जानकारी के अनुसार मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल होते हुए मलाही पकड़ी स्टेशन के पहले तक लगभग 1800 मीटर में टनल तैयार होना है। इसमें मोइनुल हक स्टेडियम से राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक लगभग 800 मीटर में टनल तैयार किया जाएगा। इस बाबत पटना मेट्रो ने दो टनल बोरिंग मशीन से खुदाई का कार्य प्रारंभ कर दिया था। रेलवे से एनओसी नहीं मिलने से कार्य रोक दिया गया था।

राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे टनल बनाना है

मोइनुल हक स्टेडियम से टनल तैयार करने का कार्य प्रारंभ किया गया था। यह टनल पटन-हावड़ा मेन लाइन के नीचे और राजेन्द्र नगर टर्मिनल के नीचे से पार करते हुए कंकड़बाग ओल्ड बाईपास के नीचे निर्माणाधीन राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन तक जाएगा। हालांकि रेलवे के द्वारा भी राजेंद्र नगर स्टेशन को विकसित करने की योजना है। इसी कारण टनल का एलाइनमेंट क्या होगा और टर्मिनल को विकसित करने पर इसका कोई प्रभाव पड़ेगा या नहीं, इसको लेकर मंथन करने के बाद रेलवे द्वारा एनओसी दिया गया।

हालांकि राजेंद्र नगर मेट्रो स्टेशन का सीधा जुड़ाव राजेंद्र नगर टर्मिनल से भी होना है। कॉरिडोर-टू में सबसे पहले मोइनुल हक स्टेडियम से पटना विश्वविद्यालय के बीच 1480 मीटर में टनल तैयार हुआ था। वहीं गांधी मैदान से आकाशवाणी होते हुए पटना जंक्शन तक 1450 मीटर में टनल तैयार कर लिया गया है। एपीआरओ, पीएमआरसीएल अर्चना कुमारी ने कहा कि राजेंद्र नगर टर्मिनल के नीचे से टनल खुदाई के लिए रेलवे से मंजूरी मिल गई है। जल्द ही खुदाई का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।