28 के बाद राहुल की सभा, MGB की रैली में तेजस्वी की डिमांड; वीआईपी का हेलिकॉप्टर तैयार
इसके अलावा कन्हैया कुमार, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह की सभा प्रत्याशी कराना चाह रहे हैं। सहयोगी दलों के नेताओं में तेजस्वी यादव, दीपंकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी की सभा की भी मांग की है।
महागठबंधन नेताओं का साझा चुनाव प्रचार छठ बाद शुरू होने की उम्मीद है। सीट बंटवारे में उलझे महागठबंधन के घटक दल अब साझा चुनाव प्रचार की रणनीति बना रहे हैं। गुरुवार को इसकी घोषणा हो सकती है। आपसी समन्वय बनाकर सभी दलों के वार रूम नेताओं की सभाओं की तिथि तय करने में जुट गए हैं। हालांकि, नेताओं ने अपने-अपने दल के प्रत्याशियों के नामांकन के समय सभाएं जरूर की हैं।
कांग्रेस : राहुल-प्रियंका की सभाओं की ज्यादा मांग
कांग्रेस प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा मांग राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की चुनावी सभाओं की है। ज्यादातर प्रत्याशियों ने इन दोनों शीर्ष नेताओं की सभा कराने की इच्छा व्यक्त की है। इसके लिए वार रूम से संपर्क कर रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की सभा 28 अक्टूबर के बाद प्रस्तावित है। आगे की सभाओं की तिथि अभी तय की जा रही है। वोटर अधिकार यात्रा के बाद बिहार में उनकी पहली सभा होगी।
समीकरण देख नेता का चयन
अन्य नेताओं में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, इमरान प्रतापगढ़ी आदि की मांग है। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में इमरान प्रतापगढ़ी की मांग ज्यादा है तो मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की मांग कई प्रत्याशियों ने की है। खासकर सवर्ण बहुल इलाकों के प्रत्याशी उनकी सभाएं चाह रहे हैं। इसके अलावा हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भी मांग है।
तेजस्वी-दीपंकर की भी चाह
इसके अलावा कन्हैया कुमार, निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह की सभा प्रत्याशी कराना चाह रहे हैं। सहयोगी दलों के नेताओं में तेजस्वी यादव, दीपंकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी की सभा की भी मांग की है। गर्दनीबाग स्थित वार रूम से चुनावी सभाओं की रूपरेखा तय की जा रही है।
प्रत्याशी भी वहीं संपर्क कर अपने क्षेत्र में सभा की तिथि तय करा रहे हैं। किस नेता के साथ कौन-कौन जाएंगे यह भी वार रूम तय कर रहा है। सभाओं के सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार की भी निगरानी यहां से हो रही है।
राजद नेताओं के अनुसार तेजस्वी यादव रोज कम से कम 15 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। किसी दिन इससे अधिक भी सभाएं कर सकते हैं। पार्टी की वे इकलौते ऐसा चेहरा हैं जो न केवल अपने दल बल्कि सहयोगी दलों के बीच भी सबसे अधिक लोकप्रिय हैं।
राजद के बने वार रूम में न केवल पार्टी के प्रत्याशी बल्कि सहयोगी दलों के उम्मीदवार भी तेजस्वी की चुनावी सभा के लिए लगातार सम्पर्क बनाए हुए हैं। हर उम्मीदवार अपने यहां तेजस्वी की कम से कम एक सभा कराना चाह रहा है। पिछली बार (2020) के चुनाव में तेजस्वी ने सबसे अधिक 263 जनसभाएं की थीं। तब उन्होंने एक दिन में 16 से 18 सभाओं को संबोधित किया था।
वीआईपी का हेलीकॉप्टर चुनाव प्रचार के लिए तैयार
विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने एक हेलीकॉप्टर किराये पर लिया है। वीआईपी के प्रवक्ता देवज्योति ने बताया कि पार्टी के उम्मीदवारों की ओर से सबसे अधिक जिन नेताओं की मांग है, उनमें मुकेश सहनी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य हैं। महागठबंधन के सभी दलों के नेताओं की संयुक्त सभा होगी।
इसके लिए जल्द ही तिथिवार शिड्यूल तय होगा। वीआईपी का लक्ष्य है कि हर विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और टोलों तक चुनाव प्रचार पूरा कर लिया जाए। पार्टी का वार रूम पहले से ही सक्रिय हो चुका है। वीआईपी के वार रूम में 400 युवा कार्य कर रहे हैं। वीआईपी के सभी 15 विधानसभा क्षेत्र के सभी कार्यकर्ताओं लगातार संपर्क में हैं।





