Hindi NewsBihar NewsRaghopur Mahua Assembly Election Result 2025 Tejashwi Yadav Tej Pratap trailing in every round
बिहार में NDA का 2010 वाला दांव, विधानसभा से 'OUT' होगा लालू परिवार?

बिहार में NDA का 2010 वाला दांव, विधानसभा से 'OUT' होगा लालू परिवार?

संक्षेप:

Bihar Chunav Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की सुनामी आ गई है। इस लहर में बड़े-बड़े दिग्गज बहने वाले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की स्थिति कमजोर नजर आ रही है।

Nov 14, 2025 03:06 pm ISTDevendra Kasyap लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की सुनामी आ गई है। इस लहर में बड़े-बड़े दिग्गज बहने वाले हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव की स्थिति कमजोर नजर आ रही है। अब तक के रुझानों के अनुसार,राघोपुर विधानसभा सीट से तेजस्वी यादव करीब 10 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं। वहीं, उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव तो मुकाबले में ही नजर नहीं आ रहे। अगर यही ट्रेंड बना रहा तो 2010 का इतिहास दोहराने की पूरी संभावना है, जब लालू परिवार विधानसभा से पूरी तरह बाहर हो गया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

मां को हराने वाला बेटे को भी हरा देगा?

गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने 2020 के चुनाव में इसी सीट पर सतीश कुमार यादव को हराया था। लेकिन सतीश ने 2010 में तेजस्वी की मां राबड़ी देवी को इसी राघोपुर सीट से 13006 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी थी। उस जीत ने सतीश को इलाके में एक मजबूत नेता के रूप में स्थापित कर दिया था। तब वे नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू के टिकट पर लड़े थे, लेकिन इस बार एनडीए ने उन्हें बीजेपी के प्रत्याशी के रूप में उतारा है।

2025 के इस चुनाव में राघोपुर का मुकाबला बेहद प्रतिष्ठापूर्ण हो गया है। एक तरफ लालू परिवार की परंपरागत सीट दांव पर है, तो दूसरी तरफ बीजेपी की साख लगी हुई है। 16वें राउंड की गणना के बाद तेजस्वी करीब 10 हजार वोटों से पीछे चल रहे हैं। गौरतलब है कि राघोपुर में कुल 30 राउंड की गणना होनी है। अगर तेजस्वी इसी तरह पिछड़ते रहे, तो नतीजे चौंकाने वाले हो सकते हैं।

तेज प्रताप की स्थिति और भी खराब

दूसरी ओर, तेज प्रताप यादव की बात करें तो वे महुआ सीट पर तीसरे नंबर पर धकेल दिए गए हैं। जनशक्ति जनता दल के नेता और लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप कहीं टक्कर में नहीं दिख रहे। आरजेडी के उम्मीदवार मुकेश रौशन दूसरे स्थान पर हैं, जबकि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार शुरू से ही बढ़त बनाए हुए हैं।

अब तक के रुझान: क्या कह रही है मतगणना?

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रुझानों के मुताबिक, बिहार की 243 विधानसभा सीटों में से भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 200 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए प्रचंड बहुमत की ओर बड़ रहा है। भाजपा अकेले 92 सीटों पर आगे चल रही है। नीतीश कुमार की जेडीयू 81 सीटों पर बढ़त में है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 21 से सीटों पर मजबूत स्थिति में है। वहीं, पिछले चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक है। आरजेडी केवल 26 सीटों पर बढ़त बना पाई है। कांग्रेस मात्र 5 सीटों पर आगे चल रही है।

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap
देवेन्द्र कश्यप, लाइव हिंदुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर। पटना से पत्रकारिता की शुरुआत। महुआ न्यूज, जी न्यूज, ईनाडु इंडिया, राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे बड़े संस्थानों में काम किया। करीब 11 साल से डिजिटल मीडिया में कार्यरत। MCU भोपाल से पत्रकारिता की पढ़ाई। पटना व‍िश्‍वविद्यालय से पॉलिटिकल साइंस से ग्रेजुएशन। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में नेशनल, इंटरनेशनल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar Shapath Grahan, Bihar Election Result 2025, Bihar Chunav Result, बिहार चुनाव 2025 , Bihar vidhan sabha seats , बिहार चुनाव एग्जिट पोल्स और बिहार चुनाव 2025 की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।