Raghopur Boat Accident LIVE: तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचे, डीएम बोलीं- जो नाव डूबी, वो सरकारी नहीं थी

लाइव हिन्दुस्तान, वैशाली
share

Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के वैशाली जिले में नाव हादसे के बाद बुधवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि जो नाव डूबी वो सरकारी नहीं थी। उसके मालिक का पता लग गया है। 

Vaishali boat tragedy
वैशाली जिले के राघोपुर में नाव हादसे में 13 लोगों की मौत, तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में नाव हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। इस हादसे में 13 लोगों की जान गई है औऱ इनमें ज्यादातर बच्चे थे। हादसे के बाद बुधवार को केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पटना के अस्पताल में जाकर पीड़ितों से मुलाकात की है। इसके बाद बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी शाम में राघोपुर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। तेजस्वी ने इस घटना में प्रशासन की लापरवाही के आरोप भी लगाए हैं। वही, वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि जो नाव डूबी वो सरकारी नहीं बल्कि निजी थी। उसके मालिक का पता लग गया है। दरअसल, ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि डूबने वाली नाव सरकारी थी और उसकी हालत जर्जर थी।

इससे पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव ने दिल्ली से जारी एक वीडियो बयान में कहा कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में आयोजित प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा, ''मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की और मुझे जानकारी मिली कि 14 शव बरामद किए गए हैं। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।'' इधर इस हादसे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुआवजे का भी ऐलान किया है।

बताया जा रहा है कि भोज खाने के लिए रात के वक्त लगभग 30 लोग एक नाव पर सवार होकर जा रहे थे तब ही यह भीषण हादसा हुआ है। इस हादसे के बाद चीख-पुकार मच गया। रात के वक्त हादसे के बाद अफरातफरी मच गई। पुलिस महकमे के कई आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। सुबह के वक्त भी घटनास्थल के पास तलाशी अभियान चला।

Raghopur Boat Accident LIVE Updates-:

08:30 PM Raghopur Boat Accident LIVE: राघोपुर से विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज शाम दिल्ली से पटना लौटते ही सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने राघोपुर नाव हादसे के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। तेजस्वी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह घटना कैसे हुई, नाव कैसे पलटी, यह जांच का विषय है। उन्होंने कहा कि इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि हादसे के बाद रेस्क्यू टीम देर से क्यों पहुंची।

07:45 PM Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली की डीएम वर्षा सिंह ने कहा कि कल रात राघोपुर प्रखंड में हुए नाव हादसे में कुल 13 शव बरामद किए गए। मरने वालों में 9 बच्चियां और 4 लड़के थे। हादसे में कुल 6 लोगों को बचाया गया है, सभी सुरक्षित हैं। डीएम ने कहा कि प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार रात के समय में गंगा नदी के अंदर नाव का परिचालन नहीं किया जाना चाहिए। इस मामले में रात के समय नाव चलाई गई थी। डीएम ने नाव के सरकारी होने के दावे को खारिज किया और कहा कि यह एक निजी बोट थी। नाव पर बहुत सारे बच्चे सवार थे, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया और यह बड़ा हादसा हो गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में नाव का परिचालन हुआ है और इतनी बड़ी क्षति हुई है, तो लापरवाही के लिए अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। नाव के मालिक के बारे में जानकारी मिल गई है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।

03.40 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के पूर्व मंत्री और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने वैशाली नाव हादसे पर दुख जताया। उन्होंने सरकार से दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पीड़ितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। तेज प्रताप ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

03.35 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली नाव हादसे पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि राघोपुर में बहुत ही दुखद घटना हुई है। उन्होंने कहा कि वह दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हैं। परिजनों को ईश्वर सहनशक्ति दें। डीएम से बात की है। 13 लोगों की मौत हुई है। 6 को पटना के एनएमसीएच अस्पताल लाया गया। तीन बच्चों का इलाज चल रहा है। इनकी हालत खतरे से बाहर है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार डटे हुए हैं। घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।

03.00 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने वैशाली जिले के राघोपुर क्षेत्र में गंगा नदी में नाव दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस हृदयविदारक हादसे में लोगों की असामयिक मृत्यु की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस दुखद दुर्घटना पर गहरा शोक एवं संवेदना व्यक्त की है।

13.58 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: राघोपुर जाकर परिजनों से मिले चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राघोपुर में जाकर मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद भावुक नजर आए चिराग पासवान ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है। इस मामले में क्या कोई प्रशासनिक चूक हुई है? इसकी जांच होगी। अगर प्रशासनिक स्तर पर कोई गड़बड़ी हुई तो कार्रवाई की जाएगी और अगर निजी स्तर पर भी लापरवाही हुई होगी तो कार्रवाई होगी।

13.50 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली के राघोपुर में जब एक साथ 13 लोगों की लाशें पहुंचीं तो पूरा गांव सन्न रह गया, हर तरफ चीख-पुकार मच रही थी और अपनों को ऐसे हाल में देखकर महिलाओं का कलेजा फट रहा था। इसी बीच वैशाली की डीएम वर्षा सिंह भी मौके पर पहुंचीं, उन्हें देखते ही वहां खड़ी महिलाएं उनके गले से लिपटकर रोने लगीं। इस भावुक पल में डीएम वर्षा सिंह भी खुद को नहीं रोक पाईं और उनकी आंखें भी नम हो गईं.।

13.49 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने वैशाली जिले के राघोपुर में नाव हादसे में महिला और मासूम बच्चों की असामयिक मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। स्वास्थ मंत्री ने हादसे में घायल लोगों के समुचित एवं बेहतर इलाज के लिए संबंधित चिकित्सकों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। निशांत कुमार ने आज जारी शोक संदेश में कहा कि यह हृदयविदारक घटना मन को गहरे शोक और पीड़ा से भर देने वाली है। जिन घरों में नन्हे बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां पसरा मातम अत्यंत पीड़ादायक है। अपने बच्चों को खोने वाले माता-पिता के असहनीय दुख को शब्दों में बयां करना संभव नहीं है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस अपूरणीय क्षति पर उनकी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने बताया कि हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) में चल रहा है। घायलों को समुचित और बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। निशांत ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें, ताकि वे सकुशल अपने परिवारों के बीच लौट सकें।

13.40 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के वैशाली जिले में नाव हादसे पर BJP सांसद रवि किशन ने कहा, “मैं हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं अक्सर हाजीपुर जाता रहा हूं, लेकिन यह खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार हर संभव मदद करेगी। यह बेहद दुखद घटना है।”

13.19 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली नाव पलटने की घटना में 13 बच्चों की मौत पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “सरकार को कोई मतलब है? नाव डूबने की घटनाओं का जिम्मेदार कौन है? आप अधिकारियों को दंडित नहीं करते और समय पर नाव भी उपलब्ध नहीं कराते।” पप्पू यादव ने कहा कि वह राघोपुर जाकर पीड़ित परिवारों की मदद करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवेदनहीन है और विपक्ष भी निष्क्रिय है। उनके मुताबिक, बिहार की स्थिति अच्छी नहीं है।

13.18 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: लोजपा (रा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वैशाली नाव हादसे में छोटे बच्चों की मौत पर दुख जताया है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि जिस तरह छोटे-छोटे बच्चे भी इस हादसे से प्रभावित हुए हैं, उनकी तस्वीरें बेहद हृदयविदारक हैं। जब भी किसी की जान जाती है, तो दुख होता है, लेकिन जब मृतकों में इतने छोटे बच्चों के शव भी शामिल हों, तो यह दुख और भी गहरा हो जाता है।

इस स्थिति में मैं आज वहां जा रहा हूं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, वे कभी वापस नहीं लौट सकते, लेकिन कम से कम मैं यह सुनिश्चित करने का हर संभव प्रयास करूंगा कि घायलों को उचित चिकित्सा उपचार मिले और प्रभावित परिवारों को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए। केंद्र और राज्य सरकार, दोनों को मिलकर काम करना चाहिए और पूरी प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए।

13.09 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: हम सेकुलर के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह लघु जल संसाधन मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन ने राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे में मासूम बच्चों की मौत और कई लोगों के लापता होने की खबर को हृदयविदारक बताया है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करना और उनके दुख में सहभागी बनना हर संवेदनशील व्यक्ति का कर्तव्य है।

लेकिन तेजस्वी प्रसाद यादव का वह वीडियो देखकर मुझे गहरा दुख और आश्चर्य हुआ, जिसमें इस हृदयविदारक हादसे पर संवेदना व्यक्त करने से पहले दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ आंदोलन और कथित ‘वोट चोरी’ जैसे राजनीतिक मुद्दों की चर्चा की गई। क्या इतनी बड़ी त्रासदी के बीच भी राजनीतिक एजेंडा सर्वोपरि रहना चाहिए?

13.00 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजस्वी यादव ने दावा किया कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे और हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता यादव ने दिल्ली से जारी एक वीडियो बयान में कहा कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में आयोजित प्रदर्शनों के सिलसिले में दिल्ली में हैं। उन्होंने कहा, ''मैंने स्थानीय प्रशासन से बात की और मुझे जानकारी मिली कि 14 शव बरामद किए गए हैं। नाव पर करीब 30 लोग सवार थे।''

12.44 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: हाजीपुर में नाव पलटने की घटना में 13 बच्चों की मृत्यु पर बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। सरकार और प्रशासन पूरी सजगता से लगी हुई है। ऐसी घटना दोबारा ना घटे इसके लिए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं..."

12.28 PM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली जिले के राघोपुर में नाव पलटने की घटना पर वैशाली DM वर्षा सिंह ने बताया, "...सूचना मिलते ही प्रशासन के द्वारा त्वरित रूप से कार्रवाई की जा रही थी। इसी क्रम में 13 शव बरामद किए गए हैं, जिसमें 9 शव बच्चियों के हैं और 4 बच्चे शामिल हैं जो 15 वर्ष के नीचे के हैं। 6 लोगों को यहां से बचा लिया गया है जिनका इलाज NMCH में हो रहा है। जिसमें 2 वयस्क और 4 बच्चे हैं... सभी सुरक्षित हैं... ये नाव निजी तौर पर पंजीकृत है। जिनके नाम से है, उस संबंध में स्थानीय प्रशासन की रिपोर्ट आ चुकी है और इस संदर्भ में अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी...

जिला प्रशासन की ओर से भी इस क्रम में पहले भी निर्देश दिए गए हैं कि सूर्यास्त के बाद नाव का परिचालन नहीं करना है। चाहें वो कोई भी नाव हो, निजी या सरकारी। इसके बावजूद ये घटना हुआ है। जिनकी नाव है, जो परिचालन कर रहे थे, निश्चित तौर पर उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी लेकिन जिनकी निगरानी करने की जिम्मेदारी थी, जो पदाधिकारी इसमें जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अंचल अधिकारी और थानाध्यक्ष की मूल रूप से जिम्मेदारी है कि वो अपने तंत्र के माध्यम से और स्वयं पर्यवेक्षण करके इन चीजों को रोकेंगे... ये चूक है और इसमें कार्रवाई होगी...वर्तमान में 8 नौकाएं SDRF की कार्यरत हैं। हम लोग यहां पर स्थानीय स्तर पर भी दो SDRF के स्टेशन बनाने जा रहे हैं..."

11.41 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली के राघोपुर में नाव हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे के बाद पटना के एनएमसीएच में कुछ लोग भर्ती थे। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान यहां भर्ती लोगों से मिलने के लिए पहुंचे। चिराग पासवान ने यहां पीड़ित बच्चों का हालचाल जाना। चिराग पासवान ने कहा कि कुछ बच्चे यहां एडमिट हैं। कुछ व्यस्क थे लेकिन उन्हीं छुट्टी दे दी गई। मैं यह सुनिश्चित करने आया था कि इन बच्चों के इलाज में कोई कमी ना हो। चिराग पासवान ने आगे कहा कि जो बच्चे चले गए उन्हें कोई वापस तो नहीं ला सकता। लेकिन मैं अब राघोपुर जा रहा हूं वहां जाकर दुखी परिजनों से मिलूंगा।

11.35 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के नाव हादसे पर BJP सांसद रवि किशन ने कहा, “मैं हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं अक्सर हाजीपुर जाता रहा हूं, लेकिन यह खबर सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि सरकार हर संभव मदद करेगी। यह बेहद दुखद घटना है।”

11.20 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार के वैशाली जिले में नाव पलटने की घटना में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

11.07 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के उपनिरीक्षक जय दीप नारायण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि क्षतिग्रस्त नाव को नदी से निकाल लिया गया है और तलाश अभियान जारी है। इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक सतीश कुमार यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधान परिषद सदस्य अशरफ अंसारी समेत कई स्थानीय नेता घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पार्टी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान बुधवार को राघोपुर जाएंगे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे। राघोपुर, हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

10.27 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली हादसे पर राष्ट्रपति ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार में नाव हादसे में बच्चों की मौत होने पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई। अधिकारियों ने बताया कि बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से 15 वर्ष से कम उम्र के कम से कम 13 बच्चों की डूबने के कारण मौत हो गई। जिलाधिकारी वर्षा सिंह के अनुसार, हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे राघोपुर थाना क्षेत्र में हुआ। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने बताया कि रामपुर श्यामचंद गांव के निवासी नदी के दूसरी ओर स्थित एक गांव में भोज में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर में एक पोस्ट में कहा, "बिहार के वैशाली जिले में हुई नाव दुर्घटना में बच्चों की मौत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं शोक-संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"

10.27 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: राघोपुर में नाव हादसे पर बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि राघोपुर नेता प्रतिपक्ष का विधानसभा क्षेत्र है। यह घटना बेहद दुखी है और उन्हें वहां जाकर पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना जतानी चाहिए। मुझे लगता है कि वो कहीं बाहर हैं और जल्दी ही लौटेंगे।

10.15 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: मौके पर एसडीआरएफ-एनडीआरएफ

वैशाली में नाव हादसे की की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर पटना से एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा गया था। वहीं आधा दर्जन थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। सिविल सर्जन ने भी त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला मुख्यालय से डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम को गांव भेजा था। स्वास्थ्य टीम मौके पर मौजूद है और राहत-बचाव कार्य में जुटी गई थी।

10.01 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: JDU नेता श्याम रजक ने वैशाली में नाव पलटने की घटना पर कहा, "सभी मृतकों के परिवारों के प्रति मैं शोक संवेदना प्रकट करता हूं और इस हादसे पर चिंता व्यक्त करता हूं। रात्रि के समय नाव के परिचालन को लेकर सरकार द्वारा घोषित बंद के बावजूद नाव का परिचालन होना, अपने आप में बड़ा संदेह व्यक्त करता है। पुलिस प्रशासन के द्वारा जिस तरह से अनुशासनहीनता की गई, जिम्मेदारी का पालन नहीं किया गया और नाव परिचालन होता रहा।

नाव के जो मालिक थे, उन लोगों को रात्रि के समय सवारी नहीं चलानी चाहिए थी। इसके बाद भी ऐसा किया गया। ये घोर निंदनीय है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सरकार को, प्रशासन को, जिला प्रशासन को, बहुत ही सख्ती से नियमों का पालन करवाना चाहिए। जो भी दोषी हो, उसे बख्शने का काम नहीं करना चाहिए। सरकार को नियम के अनुसार सहायता राशि प्रदान करनी चाहिए ताकि शोक संतप्त परिवारों के कष्ट में थोड़ी भी कमी आ सके..."

9.47 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली नाव हादसे पर प्रधानमंत्री ने कहा है कि स्थानीय प्रशासन इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को मदद पहुंचा रहा है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।

घोषित राहत पैकेज के तहत, इस घटना में मारे गए हर व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये मिलेंगे, जबकि घायल हर व्यक्ति को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। इस मदद का उद्देश्य उन लोगों के परिवारों को तुरंत आर्थिक सहायता देना है जिनकी जान चली गई और जो इस हादसे में घायल हुए हैं।

9.34 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बिहार के वैशाली जिले में नाव पलटने की घटना में हुई मौतों पर गहरा दुख व्यक्त किया। जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी जबकि घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में नरेंद्र मोदी ने कहा, "बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की मौत बहुत दुखद है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"

9.23 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: मंगलवार देर शाम राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव के पास क्षमता से ज़्यादा लोगों से भरी नाव पलटने के बाद, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ने गंगा नदी में बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया है। इस घटना में कम से कम 13 बच्चों की मौत हो गई।

9.20 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: पीएचसी के बाहर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी

हादसे की खबर सुन देर रात 12 तक आस-पास के गांव के हजारों लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जुट गए। गुस्साए लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों के आक्रोश को देखते हुए कई थानों की फोर्स बुला ली गई। एसएसपी शुभांक मिश्रा व डीएम वर्षा सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीण शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने नहीं दे रहे थे। सीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। अंचलाधिकारी दीपक कुमार को भी हटाने की मांग लगातार करते रहे। उन्होंने इस दौरान डीएम और एसएसपी के खिलाफ भी नारेबाजी की। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया। बोले, कई बार फोन करने के बाद अस्पताल में वे पहुंचे। वहीं महुआ के पूर्व विधायक डॉ. मुकेश रौशन भी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और स्वास्थ्य केंद्र में पीड़ितों से मिले हैं।

8.59 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: जिसने भी सुना, दौड़ पड़ा

भीषण नाव हादसे की सूचना जिसने भी सुनी वह दौड़ता हुआ घटनास्थल पर पहुंचा। ग्रामीण डूबे बच्चों को ढाब से निकालकर करीब दो किलोमीटर दूर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर ले गए। यहां चिकित्सकों ने एक-एक कर 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। पीएचसी में चीख पुकार मची रही। ग्रामीणों ने पीएचसी के प्रभारी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि कई बार फोन करने के बाद वे अस्पताल पहुंचे।

8.49 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: इनकी हुई मौत

1. पिंकी (13), पिता डोमन राय

2. अंगिता (6), पिता राज किशोर राय

3. सुनीता (13), पिता राजकिशोर राय

4. अमृता(16), पिता राजकिशोर राय

5. आर्यन(13), पिता गिरधारी राय

6. अलीशा (18), पिता सुरेश राय

7. सिंकी (16), पिता सुरेश राय

8. भोणू (12), पिता राम प्रवेश राय

9. मीरा (12), पिता लालू राय

10. नमन (10), पिता मुकेश राय

11. सोनम (11), पिता नरेश राय

12. मोहन (13), पिता अखिलेश राय

13. विपुल (13), पिता रामनरेश राय

8.39 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: जिस नाव से हादसा हुआ, उस पर अधिकतर बच्चे-बच्चियां सवार थे। नाव डगमगाई तो उन्हें बचने का मौका भी नहीं मिला। पल भर में 13 जिंदगियां गंगा के ढाब में समा गईं। वहीं, जाको राखे साइंया मार सके न कोए.. की कवाहत भी इस दौरान चरितार्थ हुई। जहां दो बच्चों को सकुशल बच गए। मरने वालों में एक परिवार की तीन और एक परिवार की दो बच्चियां शामिल हैं।

8.29 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर हादसे में ''निर्दोष लोगों की जान जाने'' पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के निकटतम परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा भी की। इस बीच, हादसे के बाद रामपुर श्यामचंद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नाव पर सवार ज्यादातर लोग इसी गांव के रहने वाले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाव पर सवार लोग पास के एक गांव में आयोजित भोज में शामिल होने गए थे।

8.18 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: चिराग पासवान जाएंगे राघोपुर

वैशाली जिले में नाव हादसे के बाद केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान भी घटनास्थल पर जाएंगे। चिराग पासवान ने हादसे पर दुख जताया है। केंद्रीय मंत्री ने एक्स पर लिखा, 'मेरे संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राघोपुर दियारा में हुए नाव हादसे में कई लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। वर्तमान में SDRF की टीम द्वारा राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को बेहतर इलाज के लिए NMCH भेजा गया है। इस संबंध में जिलाधिकारी महोदया से मेरी बात हुई है और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली है। केंद्र और राज्य सरकार की माध्यम से पीड़ितों को कैसे ज्यादा से ज्यादा मदद मिल सके इसपर भी विस्तृत चर्चाएं हुई है। आज मैं स्वयं घटनास्थल पर पहुँचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात करूँगा तथा अस्पताल में भर्ती घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी लूँगा।'

8.06 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: वैशाली की ज़िला मजिस्ट्रेट वर्षा सिंह ने कहा,"बहुत ही दुखद घटना है रात करीब 8:30 बजे ये घटना घटी है। इसमें सूचना मिली कि एक नाव में 15-20 बच्चे सवार थे ये बच्चे बगल के गांव में भोज खाने जा रहे थे उसी दौरान नाव पलटी। अभी तक 7 लोगों को बचाया गया है जिन्हें NMCH भेजा गया है। सभी स्थिर हैं। SDRF की टीम यहां पर मौजूद हैं लोकल गोताखोरों की मदद से बचाव किया जा रहा है...कुल 13 बच्चे मृत पाए गए हैं वो सभी 15 साल के और 15 साल से कम के बच्चे हैं जिन्हें मृत घोषित किया गया है..."

7.54 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: राघोपुर नाव हादसे के बाद कई लोगों की जान बचाने वाले रवि यादव ने कहा, "यह घटना राघोपुर ब्लॉक की रामपुर श्यामचंद पंचायत के वार्ड नंबर 8 में हुई। पास के ही एक गांव में 'श्राद्ध' का भोज हो रहा था और बच्चे उसमें शामिल होने जा रहे थे। नाव से नदी पार करते समय नाव फट गई और बीच धारा में डूब गई। हम सब वहीं मौजूद थे। ग्रामीणों की मदद से सभी को बचाया गया; हमने पूरी कोशिश की, लेकिन हमारी कोशिशों के बावजूद सभी को नहीं बचाया जा सका, सिर्फ़ दो या तीन लोग ही बच पाए। यह बहुत दुखद है।

प्रशासन को सूचना दी गई थी, लेकिन वे एक घंटे बाद पहुंचे... जब हम अस्पताल पहुंचे, तो वहां इलाज की कोई ठीक-ठाक व्यवस्था या सुविधा नहीं थी... राघोपुर के सर्कल ऑफिसर (CO) दीपक कुमार को पहले ही नाव की जर्जर हालत के बारे में बताया गया था, फिर भी उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की... इसीलिए इतनी बड़ी त्रासदी हुई... हमने 'खटिया' और रस्सियों का इस्तेमाल करके सभी को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया..."

7.45 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: एक ही गांव के दस बच्चों की मौत के बाद करुण माहौल है। सभी इस सदमें से ऊबर नहीं पा रहे हैं। वहीं स्थिति को संभालने के लिए कई थानों की पुलिस वहां मौजूद है। वही खोजी दल भी सुबह होने का इंतजार कर रही है। उल्लेखनीय है कि बाढ़ के समय राघोपुर में जिला प्रशासन ने रात्रि में नाव चलाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी थी। इसके बावजूद ग्रामीणों ने भोज खाने जाने के लिए रात में नाव का उपयोग किया। प्रशासन हर साल एडवाइजरी जारी करता है कि इस समय रात्रि में नावों का परिचालन नहीं किया जाए, पर लोग इस बात की तरफ ध्यान नहीं देते हैं। इसी का नतीजा होता है कि इतनी बड़ी घटना हो जाती है।

7.37 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: डूबने वाली नाव सरकारी थी

राघोपुर में नाव हादसे के बाद ग्रामीणों का आरोप है कि डूबने वाली नाव सरकारी थी। लेकिन जर्जर अनस्था में थी। इस कारण जब लोग उसपर सवार होकर निकले तो अचानक से नाव पलट गयी। राघोपुर सहित पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि अचानक से परिवारों के ऊपर इतनी बड़ी विपत्ती कैसे टूट पड़ी।

7.30 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल

नाव हादसे में 10 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना के बाद परिजनों की स्थिति को समझने की सख्त जरूरत है। लोग समझ नहीं पा रहे हैं कि अचानक क्या हो गया।

7.22 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: रात होने की वजह से तलाशी अभियान रुका, कई लोग ढाब किनारे खड़े रहे

राघोपुर में हुए नाव हादसे की जानकारी के बाद वैशाली जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक पदाधिकारी राघोपुर पहुंचे। कई थानों की पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रात करीब 11 बजे एसएसपी शुभांक मिश्रा भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के संबंध में जनकारी ली। देर रात होने के कारण सर्च अभियान को रोक दिया गया। पर स्थानीय लोग वहीं पर डटे हुए हैं। लोगों का कहना है कि कई लोग वहां पर अब भी हो सकते हैं। वहीं सुबह अन्य लोगों की तलाश एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीम करेगी। बरामद शवों के पोस्मार्टम की कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

7.21 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: गंगा नदी में इस हादसे के बाद इस पार खड़े कुछ लोग नदी में कूदे और तैरकर कुछ को बचाया। जो तैरना जानते थे, वह निकल गए। ग्रामीणों के सहयोग से 13 को निकाला गया। सभी को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में एक परिवार की तीन और एक परिवार की दो बेटियां भी शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि यह नाव सरकारी थी। स्थानीय लोगों को ढाब पार करने के लिए प्रशासन के द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसकी हालत भी बहुत अच्छी नहीं थी।

7.12 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद पंचायत के वार्ड आठ में सिंघेश्वर राय की बच्ची की मौत के बाद श्राद्ध कार्यक्रम में भोज खाने के लिए छोटी नाव पर बच्चों समेत 20 से 25 लोग सवार होकर ढाब के उस पार जा रहे थे। नाव जैसे ही ढाब के बीच में पहुंची डूब गई। ग्रामीणों के अनुसार नाव में छेद था। इसी कारण हादसा हुआ। नाव में पानी भरने के साथ ही उस पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और नाव डगमगाकर डूब गई।

7.08 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर में हृदयविदारक नाव हादसे में मासूमों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख अनुग्रह राशि दी जाएगी। प्रशासन को राहत-बचाव कार्य और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं।

6.57 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: रात में इस भीषण हादसे के बाद वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया कि राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोगों को बचा लिया गया है। उन्होंने कहा कि बचाव अभियान जारी है। तिरहुत रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) चंदन कुमार कुशवाहा ने बताया कि गोताखोरों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया है। स्थानीय पुलिस और राज्य आपदा प्रबंधन बल की टीम की मदद से राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

चंदन कुशवाहा ने फोन पर 'पीटीआई-भाषा' को बताया, ''सूचना मिलने के बाद मैं मुजफ्फरपुर स्थित प्रमंडलीय मुख्यालय से घटनास्थल पर पहुंचा। वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह और पुलिस अधीक्षक शुभंकर मिश्रा की निगरानी में बचाव अभियान जारी है। अब तक 12 शव बरामद किए गए हैं और चार लोगों को बचाया गया है। बचाव अभियान जारी है।''

6.44 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार देर शाम 20 से अधिक लोगों को ले जा रही एक नाव के पलट जाने से कम से कम 13 व्यक्तियों की डूबकर मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मृतकों में अधिकतर बच्चे शामिल हैं। राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजस्वी यादव ने दावा किया कि नाव पर करीब 30 लोग सवार थे और हादसे में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

6.35 AM- Raghopur Boat Accident LIVE: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बिहार में हुई नाव दुर्घटना को ''बेहद दुखद'' बताया तथा मृतकों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। बिहार के वैशाली जिले में मंगलवार शाम को गंगा नदी में एक नाव के पलटने से कई लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। सूत्रों के अनुसार, नाव पर सवार लोगों में से अधिकतर बच्चे थे।

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर कहा, ''बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। इस मुश्किल समय में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।'' घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है। उन्होंने कहा, ''हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।''

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsLIVE: तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचे, डीएम बोलीं- जो नाव डूबी, वो सरकारी नहीं थी