20 साल बाद राबड़ी देवी ने सरकार को सौंपी बंगले की चाबी, विभाग ने चेक किया एक-एक सामान
आरजेडी सु्प्रीमो लालू प्रसाद यादव की पत्नी एवं पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने पटना के 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास की चाबी भवन निर्माण विभाग को सौंप दी है। सारा सामान सुरक्षित पाए जाने के बाद विभाग ने राबड़ी देवी को एनओसी दे दी है। उन्होंने लगभग 20 साल बाद यह बंगला खाली किया है।

बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने 20 साल बाद पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास की चाबी राज्य सरकार को सौंप दी है। भवन निर्माण विभाग ने इस बंगले को टेकओवर कर लिया है। इससे पहले विभाग के अधिकारियों ने राबड़ी देवी के प्रतिनिधि की मौजूदगी में आवास का निरीक्षण किया। सरकार की ओर से पूर्व में आवंटित सभी सामान सुरक्षित पाए जाने के बाद विभाग ने एनओसी दे दी। अब जरूरी मेंटेनेंस कराने के बाद यह आवास सम्राट सरकार में मंत्री नंदकिशोर राम को सौंप दिया जाएगा।
लगभग दो दशक तक पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव एवं राबड़ी देवी के परिवार के पास रहा 10 सर्कुलर रोड बंगला अब भवन निर्माण विभाग के कब्जे में आ गया है। राबड़ी देवी के बंगला खाली करने के बाद शुक्रवार को विभाग के पदाधिकारियों की एक टीम ने इस आवास का निरीक्षण किया। इस दौरान राबड़ी देवी की ओर से उनके आप्त सचिव भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने चेक किए बल्ब, पंखे जैसे सभी सामान
निरीक्षण के दौरान बंगले में लगाए गए बल्ब, पंखा, लिफ्ट, मोटर से लेकर एक-एक चीज की जांच कर उनकी सूची बनाई गई। पावती रजिस्टर में उन्हें अंकित किया गया। टीम द्वारा सभी सामान सुरक्षित स्थिति में पाए जाने के बाद उसका अनापत्ति प्रमाण पत्र सौंप दिया गया।
राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड पर नया बंगला
राबड़ी देवी को विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से 39 हार्डिंग रोड पर दूसरा बंगला आवांटित किया गया है। बताया जा रहा है कि लालू यादव के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पिछले महीने राबड़ी की ओर से नए बंगले में लिफ्ट, रैंप, आउटहाउस जैसी सुविधाएं विकसित करने का आग्रह किया गया था। विभाग द्वारा उस आवास में निर्माण कराया जा रहा है। काम पूरा होने के बाद लालू परिवार उस सरकारी आवास में शिफ्ट हो जाएगा।
वहीं, 10 सर्कुलर रोड का बंगला डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम को आवंटित है। राबड़ी देवी ने आवास खाली कर दिया है। अब भवन निर्माण विभाग उसमें मरम्मत कराकर उसे मंत्री को सौंप देगा।
अभी कौटिल्य नगर आवास में शिफ्ट हुआ लालू परिवार
दूसरी ओर, राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करने के बाद पटना के कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में शिफ्ट हुई हैं। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भी उनके साथ वहीं पर गए हैं। पुराने बंगले से सामान खाली कर अलग-अलग जगहों पर रखा गया है। कुछ सामान बेटे तेजस्वी यादव के 1 पोलो रोड स्थित सरकारी आवास पर भी रखा गया है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।
जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।


