Purnia News: डीएम को सौंपा दिया आवेदन, निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग
Purnia News: पूर्णिया पूर्व प्रखंड में महिला दुकानदारों ने अवैध वसूली का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि प्रखंड कार्यालय का कर्मी उन्हें डराता है और किराया बढ़ाने के लिए अतिरिक्त पैसे मांग रहा है। महिलाओं ने जिला पदाधिकारी को लिखित शिकायत दी है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Purnia News: पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। पूर्णिया पूर्व प्रखंड मुख्यालय परिसर में स्वरोजगार कर परिवार का भरण-पोषण करने वाली स्वयं सहायता समूह की दर्जनों महिला दुकानदारों ने प्रखंड कार्यालय के एक कर्मी पर अवैध वसूली और डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में महिलाओं ने जिला पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं में मंजू टुड्डू, बिजली देवी, रूपा कुमारी, मीणा देवी, मुन्नी देवी, ललिता देवी, रेखा देवी, निर्मला देवी, अनोखी देवी और सविता देवी सहित कई महिला दुकानदार शामिल हैं। महिलाओं का कहना है कि सरकार की स्वरोजगार योजना के तहत उन्हें प्रखंड परिसर में दुकानें आवंटित की गई थीं और वे नियमित रूप से निर्धारित मासिक किराया प्रखंड कार्यालय में जमा करती हैं।
पिछले कुछ दिनों से प्रखंड कार्यालय के कर्मी मो. राशिद जावेद उनकी दुकानों पर आकर उन्हें डराते-धमकाते हैं। आरोप है कि उनसे कहा जा रहा है कि दुकानों का किराया बढ़ने वाला है और यदि वे किराया वृद्धि रुकवाना चाहती हैं तो प्रति दुकान पांच हजार रुपये अलग से देने होंगे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित कर्मी दुकानों से सामान ले जाते हैं, लेकिन उसका भुगतान नहीं करते। महिला दुकानदारों का कहना है कि इस मामले की मौखिक शिकायत उन्होंने कई बार प्रखंड विकास पदाधिकारी से की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं मामले को लेकर प्रखंड कर्मी राशिद जावेद ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया। उनके द्वारा किसी से भी भाड़ा कम करवाने के नाम पर कोई रकम नहीं मांगी गई है। मामले को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुणाल किशोर ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी नहीं है, जानकारी मिलती है तो जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


