Purnia News: सीएचसी के मुख्य द्वार पर जलजमाव से मरीज परेशान, संक्रमण का बढ़ा खतरा
Purnia News: केनगर, एक संवाददाता। केनगर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य प्रवेश द्वार पर हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की समस्या गंभीर र

Purnia News: केनगर, एक संवाददाता। केनगर प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य प्रवेश द्वार पर हल्की बारिश के बाद ही जलजमाव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। अस्पताल के मुख्य गेट के सामने पानी जमा होने से मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रविंद्र यादव, समाजसेवी मनोरंजन शर्मा एवं मनोज झा ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होने पर भी अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने पानी भर जाता है। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को गंदे पानी से होकर अस्पताल में प्रवेश करना पड़ता है।
इससे कीचड़ और गंदगी अस्पताल परिसर तक पहुंच जाती है, जिससे परिसर की स्वच्छता प्रभावित होती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें गंभीर एवं संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीज भी शामिल रहते हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर के प्रवेश द्वार पर जलजमाव और गंदगी संक्रमण फैलने की आशंका को बढ़ा देती है। बरसात के मौसम में मच्छरों के प्रजनन की संभावना भी बढ़ जाती है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य जलजनित बीमारियों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार मुख्य सड़क की तुलना में निचले स्तर पर स्थित है। इसी कारण बारिश का पानी बहकर सीधे गेट के सामने जमा हो जाता है। उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने से यह समस्या हर वर्ष बरसात के मौसम में उत्पन्न होती है। स्थानीय लोगों और समाजसेवियों ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि अस्पताल के मुख्य द्वार पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


