Purnia News: महानंदा-कनकई का जलस्तर घटा, परमान में हल्की वृद्धि
Purnia News: -क्षेत्र की नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर बायसी, एक संवाददाता। महानंदा और कनकई नदी के जलस्तर में लगातार कमी जारी है, जबकि अररिया जिले में परमान नदी

Purnia News: बायसी, एक संवाददाता। महानंदा और कनकई नदी के जलस्तर में लगातार कमी जारी है, जबकि अररिया जिले में परमान नदी के जलस्तर में बुधवार को हल्की वृद्धि दर्ज की गई। जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच नदी किनारे कटाव तेज होने से प्रशासन की चिंता बनी हुई है। प्रशासन की ओर से जलस्तर और नदी कटाव की लगातार निगरानी की जा रही है। एसडीएम अभिषेक रंजन ने बताया कि क्षेत्र की नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। नदी कटाव की स्थिति की भी निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार जल संसाधन विभाग द्वारा कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है।
महानंदा उप प्रमंडल पूर्णिया केंद्रीय जल आयोग क्षेत्र के अधिकारी अभिषेक लकड़ा ने बताया कि महानंदा और कनकई नदी के जलस्तर में कमी जारी है, जबकि परमान नदी के जलस्तर में हल्की वृद्धि हुई है। किशनगंज जिले के तैयबपुर में महानंदा नदी का डेंजर लेवल 66.000 मीटर है। मंगलवार शाम पांच बजे नदी का जलस्तर 63.490 मीटर था, जो 24 घंटे में मामूली कमी के बाद बुधवार को 63.470 मीटर पर पहुंच गया। वहीं पूर्णिया जिले के डेंगराहा घाट में महानंदा का डेंजर लेवल 35.650 मीटर है। मंगलवार शाम पांच बजे यहां जलस्तर 33.960 मीटर था जो बुधवार को घटकर 33.950 मीटर हो गया। पश्चिम बंगाल के चरघरिया में कनकई नदी का डेंजर लेवल 45.940 मीटर है। मंगलवार को यहां जलस्तर 45.550 मीटर था, जो 24 घंटे में मामूली कमी के बाद बुधवार को 45.530 मीटर पर पहुंच गया। कनकई का जलस्तर फिलहाल खतरे के निशान से नीचे है। इधर, अररिया जिले में परमान नदी का डेंजर लेवल 47.000 मीटर है। मंगलवार शाम नदी का जलस्तर 45.020 मीटर दर्ज किया गया था। बुधवार को इसमें हल्की वृद्धि हुई और जलस्तर 45.080 मीटर पर पहुंच गया। हालांकि यह भी खतरे के निशान से नीचे है।


