भू-विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, 13 लोग घायल

Newswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

मीरगंज, एक संवाददाता। मीरगंज थाना क्षेत्र के रंगपुरा गांव में भू-विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई।

भू-विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, 13 लोग घायल

मीरगंज, एक संवाददाता। मीरगंज थाना क्षेत्र के रंगपुरा गांव में भू-विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों से कुल 13 लोग घायल हो गए, जिनमें कई की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से सभी घायलों का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है।

घटना का विवरण

प्रथम पक्ष के शाहबाज मंसूरी ने दिये आवेदन में बताया कि उनके दादा दुख मंसूरी करीब 100 वर्षों से बिहार सरकार की भूमि पर दखल-कब्जा कर टीना का घर बनाकर रह रहे थे। उनके निधन के बाद भी परिवार उसी जमीन पर रहकर खेती-बाड़ी एवं मवेशी पालन करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि मौजा रंगपुरा उत्तर अंतर्गत लगभग 60 डिसमिल सरकारी जमीन से सटी करीब पांच बीघा निजी जमीन पर वे खेती करते हैं। करीब पांच माह पूर्व धमदाहा अंचल कार्यालय द्वारा उक्त भूमि के कुछ हिस्से को खाली कराया गया था, जबकि कुछ हिस्से पर अब भी उनका टीना का घर बना हुआ है।

झड़प के कारण

शुक्रवार को मो. शमीम उर्फ चना 25 से 30 लोगों के साथ पहुंचे और जबरन टीना का घर एवं टट्टी तोड़ने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में शाहबाज मंसूरी समेत कुल आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए धमदाहा अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पूर्णिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।

दूसरे पक्ष का आरोप

वहीं दूसरे पक्ष की राहो खातून ने बताया कि उनके खेत से सटी बिहार सरकार की खाता संख्या 1038 एवं खेसरा संख्या 2211 की जमीन खाली थी, जो खेत तक जाने का रास्ता है। उनका आरोप है कि उक्त जमीन पर पहले से अतिक्रमण किया गया था। इसे हटाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, धमदाहा के यहां आवेदन दिया गया था। सुनवाई के बाद अंचल अधिकारी को अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था तथा पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। राहो खातून के अनुसार, 15 मई को आलम मंसूरी समेत कुछ लोग दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा कर घर बनाने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस घटना में मोहम्मद शमीम समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।

कानूनी कार्रवाई

घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रथम पक्ष के शाहबाज मंसूरी ने मो. शमीम उर्फ चना समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष की राहो खातून ने आलम मंसूरी समेत कुल 15 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस संबंध में मीरगंज थाना अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

भू-विवाद का कारण क्या था?
भू-विवाद का कारण सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और घर बनाने का प्रयास था।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।