पूर्णिया के 31 अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में शिविर, समस्याओं का होगा निपटारा
-16purn21-बैठक करते हुए प्रभारी डीएम। पूर्णिया, वरीय संवाददाता। जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के म

पूर्णिया, वरीय संवाददाता।जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से जनजातीय बहुल गांवों में 19 से 25 मई तक जनभागीदारी अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 18 मई को प्रभारी जिला पदाधिकारी के द्वारा महानंदा सभागार में किया जाएगा। जिला कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार द्वारा बताया गया कि मंत्रालय के निर्देश पर इस अभियान के तहत पूर्णिया जिला के सात प्रखंडों के 31 अनुसूचित जनजाति बहुल गांवों में शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में विभिन्न सेवाओं के लिए संबंधित नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर उसका त्वरित निष्पादन करते हुए सेवाओं से सम्बन्धी प्रमाणपत्रों का वितरण किया जाएगा। शिविर में मेडिकल कैम्प के माध्यम से संबंधित नागरिकों को स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कैम्प के दौरान पूर्व से चिन्हित सेवा केंद्रों पर जनसुनवाई के माध्यम से अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों से समस्याएं प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त समस्याओं का त्वरित निष्पादन कराया जाएगा। उक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ सहजता से सुलभ कराना है। अभियान के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए सम्बंधित पंचायत के विकास मित्र अथवा सम्बंधित प्रखंड के प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
आवेदनों का निष्पादन समय सीमा में करें : प्रभारी डीएम :
-----
-प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह- उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार की अध्यक्षता में वरीय अधिकारी एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक का आयोजन महानंदा सभागार में की गई। प्रभारी जिला पदाधिकारी द्वारा जिला अंतर्गत संचालित किसान पंजीकरण, मंगलवार को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर तथा पूर्व में राजस्व महा अभियान के दौरान प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी। प्रभारी जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि संचालित उक्त सभी जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शिविरों में प्राप्त आवेदनों का शत-प्रतिशत निष्पादन तय समय-सीमा में करना सुनिश्चित करें। उक्त कार्यों में किसी भी प्रकार कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अपर समाहर्ता, राजस्व, विधि व्यवस्था,जिला कृषि पदाधिकारी,जिला कल्याण पदाधिकारी,जिला लेखागार पदाधिकारी,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी,श्रम अधीक्षक तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मादक पदार्थों को लेकर लगातार करें छापेमारी :
--
-अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एनकोर्ड से संबंधित जिलास्तरीय बैठक प्रज्ञान सभागार में की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी को शैक्षणिक संस्थानों के सौ गज के अंदर तम्बाकू उत्पाद की बिक्री न हो, इससे सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही मादक पदार्थो के संबंध में विद्यालय स्तर पर जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। पूर्णिया जिला में मादक पदार्थों के संबंध में लगातार छापेमारी करने का निर्देश सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा संबंधित पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में उपस्थित सभी औषधि निरीक्षक को नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं से संबंधित कारोबार तथा नशीली इंजेक्शन आदि की अवैध बिक्री पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने के लिए कहा गया। बैठक में एसडीओ सदर पूर्णिया,जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, संबंधित पुलिस पदाधिकारी, डीपीओ आईसी डी एस तथा मौजूद थे।


