सड़क हादसे में मक्का कारोबारी की मौत
-अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी ठोकर भवानीपुर, एक संवाददाता। पूर्णिया-टीकापट्टी एसएच 65 पर सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मक्का कारोबारी की मौ

भवानीपुर, एक संवाददाता।पूर्णिया-टीकापट्टी एसएच 65 पर सोमवार की शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार मक्का कारोबारी की मौत हो गई। मृतक धमदाहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बिशनपुर पंचायत के सिंघाड़ापट्टी निवासी डोमी साह के 40 वर्षीय पुत्र बबलू साह थे। परिजनों के अनुसार सोमवार शाम करीब चार बजे बबलू साह अपनी बाइक से भवानीपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सखुआटोला के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों की सहायता से घायल बबलू साह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवानीपुर लाया गया।
जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आरएन सिन्हा ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही बबलू साह ने दम तोड़ दिया। पूर्णिया जीएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने बबलू साह को मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना के अवर निरीक्षक उमेश कुमार शर्मा, श्रुति कुमारी एवं शिवेश कुमार झा अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी सविता देवी के अलावा दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



