पत्नी की बात मान लेता शिवम तो शायद बच जाती दोनों दोस्तों की जान, गांव में पसरा मातम

Mar 15, 2026 01:38 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

साइड स्टोरी- भवानीपुर, एक संवाददाता। खरकट्टा गांव के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पत्नी की बात मान लेता शिवम तो शायद बच जाती दोनों दोस्तों की जान, गांव में पसरा मातम

भवानीपुर, एक संवाददाता।खरकट्टा गांव के दो युवकों की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यदि मृतक शिवम कुमार अपनी पत्नी की बात मान लेता, तो शायद उसकी और उसके दोस्त अंकित कुमार उर्फ गोलू की जान बच सकती थी। बताया जाता है कि शुक्रवार की रात बारात में जाने को लेकर शिवम की पत्नी करीना कुमारी उसे लगातार मना कर रही थी। यहां तक कि उसने अपने पति को घर में बंद भी कर दिया था, ताकि वह बारात में जाने के लिए बाहर न निकल सके।

परिजनों के अनुसार सभी बारातियों के चले जाने के बाद भी शिवम घर में ही बंद था, लेकिन कुछ देर बाद वह घरवालों से छिपकर बाहर निकल गया। इसके बाद उसने अपने दोस्त अंकित कुमार उर्फ गोलू को फोन कर बुलाया और दोनों एक ही बाइक से चुपचाप बारात में शामिल होने के लिए निकल पड़े। लेकिन रास्ते में टीकापट्टी थाना क्षेत्र के बिरौली बाजार से आगे एक गैस एजेंसी के समीप अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों दोस्तों की मौत हो गई। शनिवार को जब दोनों युवकों का शव गांव पहुंचा तो हर ओर चीख-पुकार और मातम का माहौल था। मृतक शिवम की पत्नी करीना कुमारी अपने एक माह के दूधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर दहाड़ मारकर रोते हुए बार-बार कह रही थी, आब के हमरा सब के देखते हो बाबू…। उसके करुण विलाप को सुनकर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं शिवम की मां भारती देवी भी बेटे की मौत के सदमे से बदहवास बनी हुई थीं। दूसरी ओर मृतक अंकित कुमार की मां बबिता देवी भी अपने बेटे के वियोग में बेसुध हो जा रही थीं। वे दहाड़ मारकर रोते-रोते कई बार बेहोश हो गईं, जिन्हें आसपास के लोग पानी का छींटा मारकर होश में लाने की कोशिश करते रहे। शनिवार की दोपहर जब दोनों दोस्तों की अर्थी एक साथ गांव से निकली, तो पूरे खरकट्टा गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। हर तरफ गम और शोक का माहौल देखने को मिला।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।