Purnia News: श्रावणी पूर्णिमा पर धीमेश्वर धाम में जलाभिषेक करेंगे हजारों श्रद्धालु
Purnia News: श्रावणी पूर्णिमा पर बनमनखी के धीमेश्वर धाम मंदिर में हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे हैं। श्रद्धालु मनिहारी से गंगाजल लेकर आ रहे हैं। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया है, और कई स्थानों पर भक्ति कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Purnia News: बनमनखी, संवाद सूत्र। श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर बनमनखी के प्रसिद्ध धीमेश्वर धाम मंदिर में शुक्रवार को हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक के लिए पैदल कांवरियों, डाक बम और विभिन्न वाहनों से श्रद्धालुओं के जत्थे मनिहारी स्थित उत्तरवाहिनी पवित्र गंगा से जल लेकर धीमेश्वर धाम के लिए रवाना हो चुके हैं। पिछले चार दिनों से लगातार कांवरियों का जत्था गंगाजल लेने के लिए मनिहारी जा रहा है। मनिहारी से धीमेश्वर धाम के बीच जगह-जगह स्थानीय लोगों की ओर से कांवरियों के ठहरने, विश्राम और भोजन की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों पर भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
सामाजिक कार्यकर्ताओं की ओर से कांवरियों और डाक बम की सेवा के लिए शिविर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन एवं अनुमंडल पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गई है। एनएच-107 से मंदिर तक पहुंचने वाले विभिन्न मार्गों पर जगह-जगह ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। मंदिर परिसर में चिन्हित 16 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं को सुविधा के लिए मंदिर के बाहर जलार्पण के लिए अर्घा लगाया गया है। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के सुगम जलाभिषेक को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है। गुरुवार को भी हजारों श्रद्धालुओं का जत्था विभिन्न वाहनों एवं मोटरसाइकिलों से मनिहारी के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु गंगाजल लेकर श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर धीमेश्वर धाम में जलार्पण करेंगे।


