लालबाड़ी में संदिग्ध अवस्था में शव बरामद, हत्या का आरोप
पूर्णिया के बेलौरी लालबाड़ी वार्ड 44 में संदिग्ध अवस्था में 24 वर्षीय बिट्टू सिंह का शव बरामद हुआ। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। बिट्टू की पत्नी के साथ विवाद के कारण यह मामला हत्या का...

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी लालबाड़ी वार्ड 44 में संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने कि खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। साथ ही मामले को लेकर तहकीकात शुरू कर दिया। घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के सिंघेश्वर निवासी 24 वर्षीय बिट्टू सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह वर्तमान में लालबाड़ी काली मंदिर के पास अपने मौसी के घर रह रहा था।
मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के मौसेरे भाई बबलु कुमार ने बताया कि बिट्टू सिंह का करीब चार माह पूर्व लालबाड़ी वार्ड 44 निवासी गणेश दास की पुत्री कंचन कुमारी से प्रेम विवाह हुआ था। मृतक शादी के बाद काम करने लिए पटना चला गया था। पत्नी फोन पर किसी और से बात करती थी, जिसको को लेकर उसे संदेह हुआ। सोमवार की रात मृतक अपने ससुराल पहुंचा था। मंगलवार की सुबह हमलोगों को उसकी मौत की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने पर देखा कि बिट्टू सिंह के गले पर गहरे जख्म का निशान है। उनके अनुसार यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। वहीं मृतक के ससुर गणेश दास ने बताया कि उनका दामाद देर रात घर आया था और रात में ही फंदे से लटक गया है। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, तभी उसकी मौत हो गई। वही मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुदीन राम ने बताया कि मामले को लेकर जांच पड़ताल की जा रही है। एफएसएल टीम को भी बुलाई गई है, उनके जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




