Purnia News: परीक्षा हॉल में रील्स बनाने पर दो शैक्षणिक सत्रों के लिए छात्रा निष्कासित

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

Purnia News: -वायरल विडियो की पुष्टि होने के बाद जीएलएम कॉलेज बनमनखी के प्राचार्य ने की कार्रवाई पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की चल रही

Purnia News: परीक्षा हॉल में रील्स बनाने पर दो शैक्षणिक सत्रों के लिए छात्रा निष्कासित

Purnia News: पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की चल रही परीक्षा के दौरान रील्स बनाने पर गोरेलाल मेहता कॉलेज बनमनखी परीक्षा केन्द्र पर एक छात्रा को दो शैक्षणिक सत्रों के लिए परीक्षा केन्द्र से निष्कासित कर दिया गया है। छात्रा के द्वारा बनाई गई रील वायरल होने के बाद कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रमोद भारतीय ने वायरल विडियो की सत्यता की जांच की। जांच में सत्य पाये जाने पर परीक्षा हॉल के अंदर रील्स बनाने के आरोप में छात्रा को दो शैक्षणिक सत्रों के लिए परीक्षाकेन्द्र से निष्कासित कर दिया गया है। इस संदर्भ में कॉलेज के प्राचार्य ने अनुशासनिक कार्रवाई को लेकर कॉलेज का आदेश जारी कर दिया है। वहीं परीक्षा हॉल से रील्स बनाने का मामला संज्ञान में आने के बाद पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग ने सभी परीक्षार्थियों को मोबाइल लेकर परीक्षाकेन्द्र के अंदर प्रवेश को लेकर आगाह किया है। साथ ही सभी केन्द्राधीक्षकों को भी परीक्षा हॉल में मोबाइल लेकर प्रवेश की पाबंदी के नियम का अनुपालन सख्ती के साथ करने के लिए निर्देशित किया है。

परीक्षा हॉल में रील्स बनाने से कॉलेज की प्रतिष्ठा को हुआ नुकसान :

--

-गोरेलाल मेहता कॉलेज बनमनखी के प्राचार्य डॉ. प्रमोद भारतीय के द्वारा जारी किये गये निष्कासन से संबंधी आदेश में उल्लेख किया है कि इस बात की पुष्टि होने के बाद कि एसडी कॉलेज, बड़हरा कोठी की यूजी सेमेस्टर फोर सत्र 2024-28 होम साइंस की छात्रा अंजू कुमार, जिसका रोल नंबर 23151696 और रजिस्ट्रेशन नंबर 2451B060007 ने 9 सितंबर को दूसरी पाली के दौरान कॉलेज के कमरा नंबर 11 स्थित परीक्षा हॉल का एक रील बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे लाखों लोगों ने उसे देखा और परीक्षा केंद्र की प्रतिष्ठा को भारी नुकसान पहुंचा है इसलिए छात्रा को अगले दो शैक्षणिक सत्रों के लिए कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र से निष्कासित किया जाता है।

मोबाइल लेकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पर पाबंदी:

---

-पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जमीरूल आलम ने परीक्षार्थियों को परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल लेकर प्रवेश करने को लेकर आगाह किया है। साथ ही परीक्षा हॉल के अंदर मोबाइल लेकर परीक्षार्थियों के प्रवेश पर पाबंदी को लेकर केन्द्राधीक्षकों को सजग रहने का निर्देश दिया है। पूर्णिया विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने शुक्रवार को स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा 2026 के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्था एवं अनुशासन का जायजा लिया। निरीक्षण की शुरुआत अररिया कॉलेज से की गई। इसके पश्चात केडी कॉलेज रानीगंज, वाईएनपी डिग्री कॉलेज रानीगंज, फारबिसगंज कॉलेज फारबिसगंज, एमजेएम कॉलेज फारबिसगंज तथा एमएल आर्या कॉलेज, कसबा सहित विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी केन्द्रों पर परीक्षा स्वच्छ, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संचालित होती पाई गई। परीक्षा व्यवस्था पर परीक्षा नियंत्रक ने संतोष व्यक्त किया।

विश्वविद्यालय स्तर पर उड़नदस्ता दल का गठन :

---

-विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा-2026 को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी ढंग से संचालित कराने के उद्देश्य से विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय स्तर पर एक उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है, जिसमें मानविकी संकाय के अध्यक्ष प्रो. पटवारी यादव एवं पूर्णिया विश्वविद्यालय के सीसीडीसी प्रो. संतोष कुमार सिंह शामिल हैं। उड़नदस्ता दल द्वारा भी विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। दल ने सर्वप्रथम जीएलएम कॉलेज, बनमनखी में चल रही परीक्षा का निरीक्षण किया। इसके बाद सब डिविजनल डिग्री कॉलेज, संझा घाट, आरएल कॉलेज माधव नगर, आरके कॉलेज, मधुबनी तथा पीएसडी कॉलेज हरदा में परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। परीक्षा केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, परीक्षार्थियों के अनुशासन तथा परीक्षा संचालन की प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया गया। परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षा की पवित्रता, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। परीक्षा में कदाचार रोकने के लिए केन्द्रों पर नियमित निगरानी के साथ-साथ औचक निरीक्षण की व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।

सामान्य प्रश्न

✦छात्रा को किस कारण से निष्कासित किया गया है?−
छात्रा ने परीक्षा हॉल में रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिससे कॉलेज की प्रतिष्ठा को भारी नुकसान हुआ।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsपूर्णियाPurnia News: परीक्षा हॉल में रील्स बनाने पर दो शैक्षणिक सत्रों के लिए छात्रा निष्कासित