Purnia News: खराब स्ट्रीट लाइट पर सामान्य बोर्ड की बैठक में गहमागहमी
Purnia News: धमदाहा, एक संवाददाता। नगर पंचायत धमदाहा की सामान्य बोर्ड की बैठक में नगर क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को लेकर पार्षदों के बीच गहमागहमी रही।

Purnia News: धमदाहा, एक संवाददाता। नगर पंचायत धमदाहा की सामान्य बोर्ड की बैठक में नगर क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को लेकर पार्षदों के बीच गहमागहमी रही। शुक्रवार को मुख्य पार्षद रानी देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में पार्षदों ने स्ट्रीट लाइट का नियमित रखरखाव नहीं होने पर नाराजगी जताई। बैठक में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को तत्काल दुरुस्त कराने के लिए संबंधित संवेदक को सख्त पत्र लिखने का निर्णय लिया गया। बैठक में नगर पंचायत की ओर से पूर्व में संचालित योजनाओं की समीक्षा के साथ आगामी दिनों में होने वाले कार्यों पर भी चर्चा की गई। पार्षदों ने कहा कि नगर क्षेत्र में लगाई गई कई स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं।
इनके नियमित मेंटेनेंस की जिम्मेदारी होने के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं किए जाने की शिकायत बैठक में उठाई गई। इस दौरान संवेदक द्वारा स्ट्रीट लाइट के नियमित रखरखाव में लापरवाही बरतने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्व में लाभुकों को दिए गए आवास की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके अलावा तीसरे चरण के लिए सूचीबद्ध प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के आवेदन की स्थिति और विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में अब तक किए गए कार्यों की भी जानकारी ली गई। नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत और जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए आवश्यक स्थानों पर पुल-पुलिया निर्माण कराने पर भी विचार-विमर्श हुआ। चर्चा के बाद इन कार्यों को लेकर आम सहमति बनाई गई। नगर पंचायत क्षेत्र को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने के लिए सफाई व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। आगामी दिनों में सफाई कार्य को और बेहतर तरीके से संचालित करने तथा स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत चिन्हित वार्डों और मोहल्लों में विशेष रूप से कार्य कराने पर जोर दिया गया। बैठक के लिए प्राधिकृत स्वच्छता पदाधिकारी नगमा खान ने बताया कि सामान्य बोर्ड की बैठक शांतिपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में जिन मुद्दों पर चर्चा की गई है, उनके क्रियान्वयन को लेकर कार्यालय स्तर से जल्द पहल की जाएगी। बैठक में मुख्य पार्षद के अलावा पार्षद विजय साह, पूनम देवी, बुचिया देवी, दीपक कुमार, जितेंद्र सिंह, नंदन कुमार, कुमोद रजक, मो. समसुद्दीन, नूतन देवी और समीना खातून सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।


