Hindi NewsBihar NewsPurnia NewsSpecial Health Camps for Pregnant Women Under Prime Minister Maternal Safety Campaign
पीएम मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं का विशेष जांच शिविर आयोजित

पीएम मातृत्व सुरक्षा अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं का विशेष जांच शिविर आयोजित

संक्षेप:

प्रधान मंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के अंतर्गत जलालगढ़, दनसार और एकंबबा में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 163 गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया। डॉक्टरों ने गर्भावस्था से संबंधित सभी जरूरी जांचें कीं और महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई।

Jan 10, 2026 01:01 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share Share
Follow Us on

जलालगढ़, एक संवाददाता। प्रधानमंत्री मातृत्व सुरक्षा अभियान के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालगढ़ तथा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दनसार एवं एकंबबा में गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कुल 163 गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालगढ़ के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तनवीर हैदर ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं उपलब्ध कराना तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करना है। उन्होंने बताया कि दूर-दराज़ के गांवों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं जांच के लिए पहुंचीं। शिविर के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया और उनकी गर्भावस्था से संबंधित जानकारी दर्ज की गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा महिलाओं का ब्लड प्रेशर, वजन, लंबाई और पेट की जांच की गई। इसके साथ ही हीमोग्लोबिन, शुगर, यूरिन और अन्य आवश्यक जांचें भी कराई गईं। उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार उन्हें उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। डॉक्टरों ने गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार, स्वच्छता और नियमित जांच के महत्व पर महिलाओं को जागरूक किया। आयरन, कैल्शियम एवं अन्य जरूरी दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। टीकाकरण की स्थिति की भी जांच की गई और जिन महिलाओं को टीके की आवश्यकता थी, उन्हें टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का प्रयास किया। एएनएम, जीएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने शिविर के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने भी शिविर का निरीक्षण किया।