बीन नहीं स्टिक से वन विभाग पकड़ रहा सांप
पटना के बाद बिहार में एकमात्र पूर्णिया में वन विभाग के पास स्नेक कैचर स्टिक
पूर्णिया में सांपों को पकड़ने के लिए बीन नहीं बजाना होता है, वन विभाग का स्टिक ही काफी है। पटना के बाद पूर्णिया एकमात्र जिला है जहां सांपों को स्टिक से पकड़ा जा रहा है। वन विभाग के रेंज अफसर मिथिलेश कुमार के मुताबिक हर माह 30 से 40 सापों को पकड़ा जा रहा है। गर्मी शुरू हो गयी है। सांप बिल से निकलकर ही घरों में घुसने लगे हैं। अमूमन शहर के हर घर में कभी न कभी सांप घुस जाते हैं। मगर डरिये नहीं। वन विभाग का नंबर मिलाइए। सांप देखने के बाद आपको धैर्य रखना होगा, क्योंकि वन विभाग के कर्मचारियों को आपके घर तक पहुंचने में वक्त लगता है। वन विभाग के पास चार स्नेक केचर स्टिक हैं। इसके लिए दो अस्थायी कर्मचारी हैं। वह अपनी जान में जोखिम में डालकर लोगों की जान को सुरक्षित रखते हैं। रेंजर के मुताबिक सांप पकड़ने के लिए टीम के पहुंचने में वक्त लगता है। इस दौरान लोग मोबाइल पर गुस्सा उतारने लगते हैं। लोगों को संयम रखना चाहिए। हम पूरी कोशिश करते हैं कि सांप को जल्द से जल्द दबोच लिया जाए। सांप को पकड़ने के बाद इसे वन क्षेत्र हांसी और सिंघिया में छोड़ दिया जाता है।
श्रीनगर हाता में टीम ने दबोचा गेहूंमन सांप
श्रीनगर हाता में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गेहूंमन सांप दो दबोचा। घर में सांप मिलने के खबर मिलने के बाद वन विभाग को फोन किया गया। फौरन ही टीम मौके पर पहुंची। पूजा घर से सांप को स्टिक के सहारे दबोचा। इसे बोरे में बंद कर कर्मचारी राहुल ले गए। बता दें कि पूर्णिया में वन संपदा काफी है। अमूमन हर घर में पौधे भी लगे हैं। इसलिए यहां सांप अक्सर घर-आंगन में मिलते रहते हैं। कई बार यह जानलेवा भी बन जाता है।