सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन का निर्माण कार्य सुस्त, मरीजों को हो रही परेशानी
जलालगढ़, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के जलालगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन के निर्माण की धीमी रफ्तार

जलालगढ़, एक संवाददाता।प्रखंड क्षेत्र के जलालगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन के निर्माण की धीमी रफ्तार से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीदें अधूरी नजर आ रही हैं। निर्माण कार्य में देरी के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार करीब 5.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 30 शय्या वाला यह अस्पताल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित हो सकता है। भवन का उद्घाटन पूर्व विधायक अफाक आलम द्वारा किया गया था और कार्य योजना बोर्ड के अनुसार निर्माण कार्य 24 जनवरी 2026 तक पूरा होना था।
हालांकि तय समयसीमा बीत जाने के बावजूद निर्माण अब भी अधूरा है। निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण अस्पताल परिसर में धूल, मिट्टी और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है, जिससे इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिजनों का कहना है कि भवन जल्द पूरा होने पर बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी, जबकि वर्तमान में अधिकतर मरीजों को रेफर करना पड़ रहा है। इस संबंध में कनीय अभियंता विद्यासागर ने बताया कि कार्य में तेजी लाने के लिए संवेदक से स्पष्टीकरण मांगा गया है और जल्द ही निर्माण कार्य में गति लाई जाएगी। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तनवीर हैदर ने भी निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संवेदक से शीघ्र कार्य पूरा करने की आवश्यकता बताई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


