बिहार में कोई सुरक्षित नहीं : पप्पू यादव
--27purn65-पीड़ित परिवार के साथ सांसद पप्पू यादव। पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत खुश्कीबाग निवासी और शहर के प्रति

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत खुश्कीबाग निवासी और शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी जवाहर यादव के पुत्र सूरज बिहारी की बुधवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। नेवालाल चौक स्थित बसंत विहार इलाके में हुई इस निर्मम वारदात के बाद व्यापारिक समुदाय से लेकर आम नागरिकों तक में आक्रोश और भय का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव तत्काल अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। सांसद मृतक के घर पहुंचकर परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया पप्पू यादव ने बिहार सरकार और पुलिस व्यवस्था पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि बिहार में अब कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, सम्राट चौधरी जी पाताल से भी अपराधियों को खोज कर निकालिए और इस हत्या में न्याय दिलाइए। बिहार में कौन बचा हुआ है? पूरे राज्य में खून-खराबा मचा हुआ है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार के अधिकांश थानों का रिश्ता ड्रग्स, शराब और माफिया से जुड़ चुका है और अपराधियों के हौसले इसी वजह से इतने बुलंद हैं। पप्पू यादव ने कहा कि आज बिहार में एक तरफ गुंडाराज है और दूसरी तरफ इंस्पेक्टर राज, जिसके बीच आम जनता पिस रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई आंदोलन करता है तो उस पर केस दर्ज कर दिया जाता है, जबकि अपराधियों से पुलिस की मिलीभगत गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि वे इस मुद्दे को कल लोकसभा में मजबूती से उठाएंगे, ताकि पूरे देश का ध्यान बिहार की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की ओर जाए। इसके बाद पप्पू यादव पूर्णिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। पप्पू यादव ने पूर्णिया पुलिस के वरीय अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि कोई भी दोषी किसी भी कीमत पर बच न सके। मौके पर सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, संजय सिंह, बबलू भगत, सुडु यादव, वैश खान, दुर्गा यादव, दिपांकर चटर्जी,मंटू यादव, मनोज यादव, सुमित यादव मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




