Purnia News: एक माह से लचर बिजली व्यवस्था से उपभोक्ताओं में आक्रोश

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

Purnia News: हरदा, एक संवाददाता। हरदा फीडर क्षेत्र में पिछले एक माह से बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है

Purnia News: एक माह से लचर बिजली व्यवस्था से उपभोक्ताओं में आक्रोश

Purnia News: हरदा, एक संवाददाता। हरदा फीडर क्षेत्र में पिछले एक माह से बिजली आपूर्ति की बदहाल स्थिति को लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। हरदा, गंगेली, कबैया, रहुआ, सतकोदरिया एवं मजरा पंचायत के लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में बिजली की आंख-मिचौली लगातार जारी है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है।

बिजली की समस्या से उपभोक्ता प्रभावित

स्थानीय उपभोक्ता अंकित कुमार, अरविंद मंडल, रणधीर कुमार सिंह, मिथुन कुमार, सुबोध ठाकुर, ललन कुमार एवं जलील बैठा ने बताया कि बिजली कटने के बाद कई-कई घंटे तक आपूर्ति बहाल नहीं होती है। खासकर शाम से रात के बीच 10 से 12 बार बिजली की कटौती की जाती है। कई बार पूरी रात बिजली गायब रहती है। इसके अलावा कम वोल्टेज की समस्या भी बनी हुई है, जिससे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर पाते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उमस भरी गर्मी में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।

व्यापारियों की नाराजगी

हरदा बाजार के व्यवसायी अमित कुमार एवं अरविंद कुमार के साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष अफरोज आलम और जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष अजाउर रहमान ने भी बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बावजूद लोगों को नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो उपभोक्ता आंदोलन करने को बाध्य होंगे। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है.

......................

भीषण गर्मी मे बिजली कटौती से लोग परेशान

मीरगंज, एक संवाददाता।

मीरगंज क्षेत्र में भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दिन और रात में बिना सूचना के बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बिजली नहीं रहने से पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहने के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कत हो रही है। वहीं विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे कारोबारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। कई जगहों पर बिजली बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। लोगों ने विद्युत विभाग से बिजली कटौती पर रोक लगाने, फॉल्ट का शीघ्र निवारण करने तथा नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

...........................

बिजली की आंख-मिचौली और लो वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान

रूपौली, एक संवाददाता।

हाल के दिनों में रूपौली प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में अनियमित विद्युत आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। उमस भरी गर्मी के बीच बिजली की लगातार कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासकर रात के समय बिजली की आवाजाही और कम वोल्टेज के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि दिन के समय किसी तरह समय बीत जाता है, लेकिन रात में बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण परेशानी और बढ़ जाती है। कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती है, जबकि आपूर्ति होने पर भी वोल्टेज इतना कम रहता है कि पंखे, कूलर और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं कर पाते। इससे बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों की दिनचर्या और आम लोगों की नींद प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों ने विभाग से विद्युत आपूर्ति में सुधार और लो वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। इस संबंध में विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, रूपौली के कनीय विद्युत अभियंता आदित्य कुमार ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाने से लोड शेडिंग की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि 33 केवी फीडर पर अधिक भार रहने के कारण 11 केवी फीडरों का संचालन रोटेशन के आधार पर करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ग्रिड सब-स्टेशन निर्माण के लिए भूमि सर्वेक्षण का कार्य भी किया जा रहा है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

कौन-कौन से इलाके बिजली कटौती से प्रभावित हैं?
हरदा, गंगेली, कबैया, रहुआ, सतकोदरिया एवं मजरा पंचायत के लोग बिजली कटौती से प्रभावित हैं।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar NewsPurnia NewsPurnia News: एक माह से लचर बिजली व्यवस्था से उपभोक्ताओं में आक्रोश