
कड़ाके की ठंड में ठिठुर रहा शहर, नाममात्र अलाव
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट के बीच नगर निगम क्षेत्र की करीब तीन लाख
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता।शहर में कड़ाके की ठंड ने जनजीवन बेहाल कर दिया है। तापमान में लगातार गिरावट के बीच नगर निगम क्षेत्र की करीब तीन लाख आबादी ठंड से जूझ रही है, लेकिन राहत के इंतजाम नाकाफी साबित हो रहे हैं। 46 वार्डों वाले नगर निगम क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था नाम मात्र है। शहर के चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार और रैन बसेरों के आसपास ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त अलाव नहीं जलाए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मजबूरी में कई जगह स्थानीय लोग निजी स्तर पर अलाव जलाकर ठंड से बचाव कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस भीषण ठंड में कोई भी स्वयंसेवी संस्था अब तक आगे नहीं आई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड को लेकर खासकर सुबह और रात के समय हालात ज्यादा खराब हो जाते हैं, जब दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक, ठेला दुकानदार और बेसहारा लोग सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। ....जनहित मोर्चा ने उठाए सवाल: इस मुद्दे पर जनहित मोर्चा ने नगर निगम की उदासीन व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए शहर में कम से कम 100 जगह अलाव जलाने की मांग की है। अलाव नहीं होने के कारण खासकर धारावी जैसे गरीब मोहल्ले में काफी परेशानी हो रही है। मोर्चा ने कहा है कि अगर जल्द ही गरीबों और मजलूमों के मोहल्ले में पर्याप्त अलाव की संख्या नहीं बढ़ाई गई, मोर्चा व्यवस्था के विरुद्ध आवाज बुलंद करेगी। ....नगर निगम का दावा: नगर निगम प्रशासन का दावा है कि अलाव की व्यवस्था लगातार बढ़ाई जा रही है। निगम के अनुसार शुक्रवार को 12 स्थानों पर अलाव जलाए गए थे, जबकि शनिवार को 26 जगहों पर अलाव जल रहा है। नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने कहा कि जनता की सुविधा के लिए नगर निगम हर समय तत्पर है। जरूरत पड़ी तो अलाव की संख्या और बढ़ाई जाएगी। फिलहाल सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




