
दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक घायल
भवानीपुर में दो बाइकों की टक्कर में आशा कार्यकर्ता के पति हरदेव मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। वहीं, केनगर में बस और बाइक की टक्कर में दो युवक घायल हुए, जिन्हें...
भवानीपुर, एक संवाददाता। दो बाइक की सीधी टक्कर में बाइक सवार आशा कार्यकर्ता का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरा बाइक सवार युवक घटनास्थल से भाग निकला। घायल को उनके परिजनों के द्वारा इलाज के लिए भवानीपुर सीएचसी लाया गया। मौके पर मौजूद चिकित्सको के द्वारा उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार बाद बेहतर इलाज के लिए हाइयर सेंटर रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरैती पंचायत के भिठ्ठा वार्ड संख्या 11 निवासी आशा कार्यकर्ता के पति हरदेव मंडल अपने बाइक से अस्पताल का काम कर घर लौट रहे थे। घर लौटने के क्रम में सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने उसकी बाइक में जोरदार ठोकर मार दी जिससे वह बाइक सहित गिर गए।

ग्रामीणों ने इसकी सूचना उनके घर वालों को दी। घर वाले पहुंचकर उसे इलाज के लिए अस्पताल लाया। ....................................... बस से टक्कर में बाइक सवार दो युवक घायल केनगर, एक संवाददाता। केनगर थानाक्षेत्र में सोमवार को दोपहर बाद पूर्णिया-धमदाहा स्टेट हाईवे पर काझा कोठी हटियाबाड़ी के समीप बस और एक बाइक की आमने सामने टक्कर में बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही बाइक के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार मां कामाख्या सिंह ट्रैवल्स बस पूर्णिया से धमदाहा की ओर यात्री लेकर जा रही थी। बाइक पर सवार दोनों घायलों की पहचान काझा पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित हटियाबाड़ी टोला निवासी सुनील राम के पुत्र बजरंगी राम और फौजदारी राम के पुत्र गंगेश कुमार राम के रूप में हुई है। घटना बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायल व्यक्ति को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेज दिया। वहीं गुस्साए दर्जनों लोगों ने बस को रोककर तोड़फोड़ करते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस से पहुंचने से पहले कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया। घटना की सूचना मिलते ही केनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर क्षतिग्रस्त बस को कब्जे में ले लिया। माहौल को शांति बनाने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान पहुंचे थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




