राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निपटारे पर जोर

Apr 08, 2026 12:39 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

पूर्णिया में 9 मई को दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होगा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कन्हैयाजी चौधरी की अध्यक्षता में न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें लंबित मामलों की पहचान और समाधान के लिए निर्देश दिए गए। नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया गया है।

राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निपटारे पर जोर

पूर्णिया, कार्यालय प्रतिनिधि। आगामी 9 मई को इस वर्ष की दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत व्यवहार न्यायालय पूर्णिया सहित अनुमंडलीय व्यवहार न्यायालय बनमनखी, धमदाहा एवं बायसी में आयोजित होगी। लोक अदालत की तैयारी एवं लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार अध्यक्ष कन्हैयाजी चौधरी की अध्यक्षता में न्यायिक पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सुनील कुमार भी उपस्थित रहे। बैठक में फैमिली कोर्ट जज राकेश कुमार एवं जिला व अपर सत्र न्यायाधीश नरेन्द्र कुमार समेत विभिन्न न्यायालयों के न्यायिक पदाधिकारियों ने भाग लिया।

इस दौरान सभी को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने न्यायालयों में लंबित सुलहनीय एवं शमनीय प्रकृति के मामलों को अधिकाधिक चिन्हित करें। साथ ही चिन्हित मामलों में पक्षकारों एवं पीड़ितों को नोटिस भेजने तथा उनके बीच प्री-लोक अदालत बैठक आयोजित कर समझौते का प्रयास करने का निर्देश दिया गया। बैठक में यह भी बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक मामले, प्ली बार्गेनिंग, धारा 138 एनआई एक्ट के मामले, बैंक वसूली, मोटर दुर्घटना दावा वाद, ट्रैफिक चालान, श्रम विवाद, बिजली-पानी बिल, वैवाहिक विवाद (तलाक को छोड़कर), भू-अधिग्रहण, सेवा एवं पेंशन से जुड़े मामले, उपभोक्ता विवाद, राजस्व से संबंधित वाद सहित अन्य दीवानी मामलों का सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में लोक अदालत में भाग लेकर अपने मामलों का त्वरित एवं सुलभ निपटारा कराएं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।