Purnia News: घेराबंदी के अभाव में विद्यालय के बीच से गुजर रहा आम रास्ता, पढ़ाई प्रभावित

हिन्दुस्तान, पूर्णिया
Follow us on Google News
share

Purnia News: जलालगढ़ के सौठा पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय में घेराबंदी की कमी से बच्चों को पढ़ाई में कठिनाई और सुरक्षा का खतरा हो रहा है। विद्यालय परिसर से आम रास्ता गुजरने के कारण शिक्षकों और विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा की मांग की है।

Purnia News: घेराबंदी के अभाव में विद्यालय के बीच से गुजर रहा आम रास्ता, पढ़ाई प्रभावित

Purnia News: जलालगढ़, एक संवाददाता। जलालगढ़ प्रखंड की सौठा पंचायत स्थित ईदगाह बंगाली टोला प्राथमिक विद्यालय में घेराबंदी नहीं होने के कारण विद्यालय परिसर के बीच से आम रास्ता गुजर रहा है। इससे विद्यालय में पढ़ाई कर रहे बच्चों एवं शिक्षकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय में कक्षा पांच तक की पढ़ाई होती है। स्थानीय लोगों के लगातार आवागमन के कारण बच्चों का ध्यान पढ़ाई से भटक जाता है, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय के बीच से रास्ता गुजरने के कारण बच्चों की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है।

प्रधान शिक्षक तमसील अख्तर ने बताया कि विद्यालय के पास मात्र 22 डिसमिल भूमि उपलब्ध है। विद्यालय के पश्चिम दिशा में घना जंगल है, जहां सांप और बिच्छुओं का खतरा बना रहता है। इसके अलावा आसपास मक्का के डंठल एवं झाड़ियों के कारण भी विषैले जीवों का बसेरा बना रहता है, जिससे बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी नहीं है, लेकिन घेराबंदी का अभाव सबसे बड़ी समस्या है। खेल मैदान नहीं होने से बच्चों को खेलकूद गतिविधियों में भी कठिनाई होती है। वहीं विद्यालय में शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और जो शौचालय उपलब्ध हैं, उनकी स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। शिक्षकों का कहना है कि विद्यालय के बीच से गुजरने वाले रास्ते को बंद कर परिसर की घेराबंदी कराई जाए। साथ ही पश्चिम दिशा में स्थित जंगल की सफाई और कटाई भी आवश्यक है, ताकि बच्चों को सांप-बिच्छू जैसे खतरों से बचाया जा सके। विद्यालय के दक्षिण में कब्रिस्तान, पूर्व में सड़क तथा पश्चिम में जंगल होने के कारण सुरक्षा संबंधी चुनौतियां और बढ़ जाती हैं। स्थानीय लोगों एवं शिक्षकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से विद्यालय की समस्याओं पर ध्यान देते हुए घेराबंदी, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इन समस्याओं के समाधान से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर होगा और बच्चों को सुरक्षित माहौल में शिक्षा मिल सकेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।