गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के लिए दो व्यक्ति नामित
गणतंत्र दिवस समारोह 2025 के लिए पूर्णिया से दो अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को विशेष प्रतिनिधि के रूप में नामित किया गया है। संतोष कुमार और ज्योति कुमारी, जो 'माल पहाड़िया' जनजाति के सदस्य हैं,...

पूर्णिया, हिंदुस्तान संवाददाता। गणतंत्र दिवस समारोह 2025 के अवसर पर नई दिल्ली में भाग लेने हेतु दो अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को विशेष प्रतिनिधि के रूप में डीएम कुंदन कुमार ने नामित किया है। मालूम हो कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार के निर्देश के आलोक में गणतंत्र दिवस समारोह 2025 के अवसर पर नई दिल्ली में भाग लेने के लिए पूर्णिया जिला से दो अनुसूचित जनजाति (एक महिला एवं एक पुरुष) को नामित किया गया है, जिसमें बनमनखी प्रखंड के हरिपुर मादी के परशुराम मुखिया के पुत्र संतोष कुमार और उसी गांव के रणबहादुर मुखिया की पुत्री ज्योति कुमारी को विशेष प्रतिनिधि तथा उनके साथ एक संपर्क पदाधिकारी के रूप में अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी अमित भास्कर को नामित किया गया है जो दिल्ली में गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में पूर्णिया जिला का प्रतिनिधित्व करेंगे। ज्ञातव्य हो कि दोनों नामित 'माल पहाड़िया' अनुसूचित जनजाति के सदस्य हैं जो विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह है। जनजातीय समूहों में माल पहाड़िया जनजातीय समूह का संकेंद्रण मुख्य रूप से पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, मधेपुरा, सुपौल एवं बांका में पाया जाता है। पूर्णिया जिले में माल पहाड़िया जनजातीय समूह मुख्य रूप से बनमनखी प्रखंड में आवासित है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।