
सरस्वती पूजा को प्रशासन चौकस, पंडालों में तैयारियां तेज
जलालगढ़ क्षेत्र में सरस्वती पूजा को लेकर उत्साह चरम पर है। पंडालों का निर्माण हो रहा है और मूर्तिकार प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। विद्यालयों और ग्रामीण इलाकों में पूजा की तैयारियों में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं। प्रशासन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अलर्ट मोड में है।
जलालगढ़, एक संवाददाता। सरस्वती पूजा को लेकर जलालगढ़ क्षेत्र में उत्साह चरम पर है। जगह-जगह पंडालों का निर्माण किया जा रहा है, वहीं मूर्तिकार माता सरस्वती की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। विद्यालयों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पूजा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राएं आकर्षक पंडाल और प्रतिमाओं की साज-सज्जा में लगे हुए हैं। विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रंग-बिरंगी झालरें, बल्ब और सजावटी लाइटों से पंडालों को आकर्षक रूप देने की तैयारी चल रही है। जलालगढ़ के निजी शिक्षण संस्थानों में भी सरस्वती पूजा को लेकर काफी उत्साह का माहौल है।
कई स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा भी मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर हर्षोल्लास के साथ पूजा की जाती है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी युवाओं की टोलियां पंडाल निर्माण और आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई हैं। इस बार पूजा को भव्य और व्यवस्थित ढंग से मनाने की योजना बनाई जा रही है। इधर, प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सरस्वती पूजा को लेकर लाइसेंस की जांच की जा रही है। पूजा के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए क्षेत्र में लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




