चाहरदिवारी निर्माण में बाधा उत्पन्न करने पर प्राचार्य ने थाना में दिया आवेदन

Jan 20, 2026 11:51 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share Share
Follow Us on

पूर्णिया महिला कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनंत प्रसाद गुप्ता ने कॉलेज की चाहरदिवारी निर्माण में बाधा उत्पन्न करने पर केहाट थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। आसपास के निवासियों ने नाला और सड़क की जमीन पर अवैध कब्जा करने के प्रयास का विरोध किया है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि वे अपनी भूमि पर निर्माण कर रहे हैं।

चाहरदिवारी निर्माण में बाधा उत्पन्न करने पर प्राचार्य ने थाना में दिया आवेदन

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया महिला कॉलेज के चाहरदिवारी निर्माण में बाधा उत्पन्न करने पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनंत प्रसाद गुप्ता ने मंगलवार को केहाट थाना में आवेदन दिया है और चाहरदिवारी निर्माण कार्य में अवरोध पैदा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई को लेकर शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं प्राचार्य से आवेदन मिलने के बाद केहाट थाना पुलिस सीओ के आदेश के इंतजार में है। सीओ से आदेश मिलने के बाद थाना पुलिस अतिक्रमण हटा चाहरदिवारी निर्माण कार्य पूरा करवायेगी। इधर नाला व सड़क की जमीन की घेराबंदी चाहरदिवारी बनाकर पूर्णिया महिला कॉलेज के द्वारा किये जाने का आरोप लगाते हुए एसडीओ सदर को आसपास के 51 निवासियों ने हस्ताक्षरित जननिवेदन सौंपा है, जिसमें सड़क व नाला की जमीन पर अवैध रुप से कब्जा करने के प्रयास की ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए एसडीओ सदर से तत्काल स्थल निरीक्षण करने का आग्रह किया गया है।

नाला व सड़क की जमीन पर बाउंड्री का किया गया विरोध पूर्णिया महिला कॉलेज को राजकीय कन्या उच्च विद्यालय के खाते से 4.23 एकड़ जमीन हस्तांतरित की गई है। पूर्णिया महिला कॉलेज के द्वारा हस्तांतरित की जमीन के साथ बगल के नाला व सड़क की जमीन का भी घेराबंदी की जा रही है, जिसका विरोध आसपास के निवासियों के द्वारा किया जा रहा है। पूर्णिया महिला कॉलेज जहां पूर्व में किये गये सीमांकन के अनुसार बनाये गये पुरानी बांउड्री की मरम्मत करवाने के प्रयास में है, वहीं आसपास के निवासियों का कहना है कि अनुमंडल पदाधिकारी पूर्णिया के जांच रिपोर्ट के अनुसार महिला कॉलेज को अपने नाम से आवंटित भूमि पर ही चाहरदिवारी का निर्माण कर अपने परिसर को सुरक्षित रखना है। परन्तु पूर्णिया महिला कॉलेज प्रशासन के द्वारा बिहार सरकार की वह भूमि, जो अभिलेखों व स्वरुप में सड़क और नाला के रुप में है, पर अवैध रुप से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। यह भूमि सार्वजनिक उपयोग की है तथा इसके अतिक्रमण से आमनागरिकों के आवागमन, जलनिकासी और भविष्य की नगर योजना पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो यह एक गंभीर प्रशासनिक व जनहित संकट का रुप ले सकता है। आवेदन में एसडीओ सदर से तत्काल स्थल निरीक्षण करवाने का आग्रह किया गया है। इधर पूर्णिया महिला कॉलेज के प्राचार्य प्रो अनंत प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पूर्णिया महिला कॉलेज के द्वारा पूर्व में सीमांकन के बाद बाउंड्री दिया गया था। पुरानी चाहरदिवारी की ही मरम्मत के दौरान निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न किया गया। कॉलेज के द्वारा नाला व सड़क की नहीं अपनी ही जमीन की घेराबंदी की जा रही है। इस मामले में केहाट थाना पुलिस को लिखित शिकायत कॉलेज के द्वारा दर्ज करवाई गई है। अब पुलिस बल की मौजूदगी में चाहरदिवारी निर्माण कार्य किया जायेगा। वहीं केहाट थाना प्रभारी उदय कुमार ने बताया कि कॉलेज के द्वारा लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है। इस मामले में सीओ के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। सीओ के आदेशानुसार ही कार्रवाई की जायेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।