धूप तेज होने से बढ़ी गर्मी, आने वाले दिनों में और चढ़ेगा पारा
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। रविवार को जिले में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण दोपहर तक गर्मी का अ

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता।रविवार को जिले में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण दोपहर तक गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया गया। सुबह के समय हल्की ठंडक जरूर रही, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में तेजी आई और लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा। कई घरों और दुकानों में दोपहर के समय पंखे चलने लगे। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में यह बढ़ोतरी मार्च माह की शुरुआत के साथ सामान्य मानी जा रही है।
अनुमान है कि आने वाले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान भी 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अब प्रतिदिन एक से दो डिग्री की वृद्धि दर्ज की जा सकती है। रविवार को पछुआ हवा लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली। शुष्क हवा के कारण खेतों में नमी कम होती जा रही है। इसका असर रबी फसलों पर पड़ सकता है। किसान फसलों में नमी बनाए रखने के लिए सिंचाई में जुटे हुए हैं। विशेषकर गेहूं, मक्का और सब्जी की फसलों को अतिरिक्त पानी की जरूरत महसूस की जा रही है। बाजारों और सड़कों पर भी दोपहर के समय आवाजाही अपेक्षाकृत कम रही। चिकित्सकों ने भी बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड के कारण सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। फिलहाल मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। ऐसे में तापमान में क्रमिक वृद्धि जारी रहने की संभावना है, जिससे गर्मी का असर धीरे-धीरे और तेज हो सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



