दो दिवसीय शीतला पूजा महोत्सव का भव्य शुभारंभ
पूर्णिया में मां शीतला पूजा महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालु महिलाएं कलश और नारियल लेकर यात्रा में शामिल हुईं। विधायक विजय खेमका सहित कई गणमान्य नागरिकों ने पूजा अर्चना की। महोत्सव में भक्ति जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति भी हुई।

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया कोरठबाड़ी प्राचीन मां शीतला मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय मां शीतला पूजा महोत्सव का प्रथम दिन मंगलवार को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। यह महोत्सव कला, संस्कृति विभाग बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन द्वारा शीतला पूजा स्वागत समिति की देखरेख में आयोजित है। प्रथम दिन मंदिर परिसर से भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली गई जो नगर भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु महिलाएं माथे पर कलश और नारियल लेकर भक्ति भाव के साथ शामिल हुईं। ढ़ोल-नगाड़ों की धुन, जयकारों और भगवा ध्वज के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर सदर विधायक विजय खेमका, पूजा समिति के अध्यक्ष सुरेश सिंह, वार्ड पार्षद सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों के साथ कलश शोभा यात्रा में शामिल हुए तथा मंदिर पहुंचकर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की और मां शीतला से पूर्णिया की जनता की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की। कलश यात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया तथा मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन जारी है। महोत्सव के प्रथम दिन संध्या में भक्ति जागरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा माता की शक्ति की भव्य झांकी की प्रस्तुति बॉलीवुड के कलाकारों द्वारा की गई। जिसमें स्थानीय, क्षेत्रीय कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक विजय खेमका सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। विधायक के अथक प्रयास से यह महोत्सव लगातार तीसरी बार आयोजित किया जा रहा है। इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक समरसता के साथ-साथ लोकगीत, लोकनृत्य, लोकगायन, लोकवादन, लोकदेवता और लोक संस्कृति को बढ़ावा एवं स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन मिलता है। महोत्सव को लेकर भक्तो श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


