मच्छरों पर दवा बेअसर : दो मशीन से 46 वार्डों में छिड़काव
पूर्णिया में बढ़ती गर्मी के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। नगर निगम के पास केवल दो फागिंग मशीन हैं, जिससे 46 वार्डों में नियमित छिड़काव करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। स्थानीय लोग मच्छरों की समस्या से परेशान हैं और डेंगू, मलेरिया जैसे रोगों का खतरा बढ़ने की चिंता जता रहे हैं।

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर में बढ़ती गर्मी के साथ ही मच्छरों का प्रकोप लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। एक तरफ तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर मच्छरों की भनभनाहट रात की नींद में खलल डाल रही है। नगर निगम क्षेत्र के सभी 46 वार्डों में फागिंग की व्यवस्था होने के बावजूद मच्छर हैं कि खामोश ही नहीं होते। स्थानीय लोगों का कहना है कि गली-मोहल्लों की सड़कों पर कभी कभार फागिंग मशीन से छिड़काव तो किया जाता है, लेकिन इसका असर बहुत कम समय तक ही दिखाई देता है। कई जगहों पर फागिंग के तुरंत बाद भी मच्छरों की संख्या में कोई खास कमी नहीं देखी जाती है।
शाम होते ही मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है, जिससे लोगों को घरों के अंदर भी राहत नहीं मिल पाती। सबसे बड़ी समस्या यह है कि नगर निगम के पास केवल दो फागिंग मशीन उपलब्ध हैं, जिनसे पूरे 46 वार्डों में छिड़काव करना काफी चुनौतीपूर्ण हो जाता है। सीमित संसाधनों के कारण सभी क्षेत्रों में नियमित रूप से फागिंग नहीं हो पाती। कई मोहल्लों के लोगों का आरोप है कि उनके इलाके में एक दो महीने तक भी फागिंग मशीन नहीं पहुंचती, जिससे वहां मच्छरों की समस्या विकराल रूप ले लेती है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण लोगों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों को लेकर लोग चिंतित हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी मानते हैं कि समय पर फागिंग नहीं होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि फागिंग मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए और नियमित अंतराल पर सभी वार्डों में छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने बताया कि सभी वार्डों में फागिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दो मशीनों के सहारे पूरे शहर में मच्छरों पर नियंत्रण करना मुश्किल होता है,इसके वावजूद भी नियमित रूप से प्रयास जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


