चार दिवसीय प्रमंडल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ
संक्षेप: -फोटो-पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। जिला स्कूल मैदान में आयोजित इस खेलकूद

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। जिला स्कूल मैदान में आयोजित इस खेलकूद प्रतियोगिता का जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। मौके पर जिला पदाधिकारी ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप अपने-अपने खेल पर फोकस रखें। लगातार मेहनत करें और अपने प्रदर्शन को निखारते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुचें। हमें विश्वास है कि पूर्णिया के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा से जिला का नाम रोशन करेंगे। इस मौके पर उप विकास आयुक्त अंजनि कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था राजकुमार, जिला खेल पदाधिकारी रवि शंकर झा, जिला शिक्षा पदाधिकारी अरविंद प्रकाश एवं संबंधित पदाधिकारी की उपस्थिति में रामबाग उच्च विद्यालय रामबाग के छात्रों द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मौके पर विद्यार्थियों ने संस्कृति श्लोक, गीत एवं नाटक के माध्यम से मतदान के महत्व का भी संदेश दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में मतदाता जागरूकता बढ़ाना और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव उत्पन्न करना था। इस आयोजन में प्रमंडल के चारों जिलों से 350 छात्र-खिलाड़ियों ने भाग लिया। खेल की शुरुआत से पहले बच्चों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट निकाला गया। मार्च पास्ट में भारत स्काउट एंड गाइड्स की बैंड धुन ने जोशपूर्ण धुनों से वातावरण को रोमांचित कर दिया। इसके उपरांत खेल की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया। इनमें जिला स्कूल ग्राउंड में कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल और डीएसए ग्राउंड में फुटबॉल बालक बालिका, महात्मा गांधी इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन बालक बालिका, तथा खेल भवन पूर्णिया में ताइक्वांडो, भारोत्तोलन और शतरंज प्रतियोगिताएं चल रही है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने सुंदर स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




