बार एसोसिएशन चुनाव: 20 अभ्यर्थियों ने कटाया एनआर, छह ने दाखिल किए नामांकन
पूर्णिया में जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया में 20 अधिवक्ताओं ने एनआर कटाया। अध्यक्ष पद के लिए दो, जबकि अन्य पदों के लिए एक-एक उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया। 1280 अधिवक्ता मतदाता चुनाव में भाग लेंगे। मतदान 18 अप्रैल को होगा और परिणाम तुरंत घोषित किए जाएंगे।

पूर्णिया, कार्यालय प्रतिनिधि। जिला अधिवक्ता संघ पूर्णिया के चुनाव को लेकर सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के बीच 20 अधिवक्ताओं ने एनआर कटाया, जबकि कई महत्वपूर्ण पदों के लिए उम्मीदवारों ने औपचारिक रूप से नामांकन दाखिल किया। इससे चुनावी माहौल और अधिक सक्रिय हो गया है। इस दौरान अध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवारों ने नामांकन किया वहीं लाइब्रेरियन के लिए एक, ज्वाइंट सेक्रेटरी के लिए एक, सीनियर मेंबर के लिए एक और सहायक सचिव के लिए एक उम्मीदवार ने पर्चा दाखिल किया। हालांकि कई अन्य संभावित प्रत्याशी अभी भी स्थिति का आकलन कर रहे हैं और आने वाले दिनों में नामांकन दाखिल करने की तैयारी में हैं।
इस बार चुनाव में कुल 1280 अधिवक्ता मतदाता हिस्सा लेंगे, जिससे हर वोट की अहमियत काफी बढ़ गई है। उम्मीदवार व्यक्तिगत संपर्क और आपसी संबंधों के सहारे समर्थन जुटाने में लगे हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 10 अप्रैल निर्धारित है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में अधिक संख्या में नामांकन दाखिल होने की संभावना है जिससे कई पदों पर मुकाबला और रोचक हो सकता है। 18 अप्रैल को सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। अधिवक्ताओं के बीच इस बार चुनाव को लेकर खासा उत्साह है। असली तस्वीर नामांकन के अंतिम दिनों में साफ होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


