
जिले में 1.13 लाख से अधिक किसानों के बने फार्मर रजिस्ट्री आईडी
-राज्य के शीर्ष पांच जिलों में शामिल है पूर्णिया पूर्णिया, वरीय संवाददाता। अब तक जिले में लगभग 1.94 लाख किसानों का ई-केवायसी सत्यापन एवं 1.13 लाख से
पूर्णिया, वरीय संवाददाता। अब तक जिले में लगभग 1.94 लाख किसानों का ई-केवायसी सत्यापन एवं 1.13 लाख से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्री आईडी सृजित कर राज्य स्तर पर पूर्णिया जिला को शीर्ष पांच जिलों की श्रेणी में लाया गया है जो जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। बनमनखी प्रखंड के रूपौली दक्षिण पंचायत अंतर्गत शिलानाथ रूपौली ग्राम में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष फार्मर रजिस्ट्री कैम्प का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म एग्रीस्टैक से जोड़ते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराना था।
जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार द्वारा कृषि विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उन्होंने कृषि समन्वयकों, बीटीएम, एटीएम, किसान सलाहकारों, राजस्व कर्मियों, अमीन एवं सीएससी द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की तथा उपस्थित किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि आधुनिक, लाभकारी एवं तकनीक आधारित कृषि के लिए किसानों की डिजिटल पहचान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त कृषि योजनाओं का लाभ लक्षित, पारदर्शी एवं सुगम रूप से प्राप्त होगा। इस क्रम में उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले का कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे। -सीएससी में आज से बनेगा फार्मर आइडी : -- -फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। इसका प्रथम चरण दिनांक 06 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक तथा द्वितीय चरण 17 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक संचालित किया गया। यद्यपि आज कैम्प मोड का अंतिम दिन था तथापि फार्मर रजिस्ट्री का कल से सीएससी अपने केंद्र पर अपने स्तर से किसानों के बीच प्रचार प्रसार करते हुए कैम्प मोड में कार्य जारी रखेंगे ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे। सभी सीएससी को पीएम किसान के लाभार्थियों की सूची उपलब्ध कराई गई है, साथ ही सीएससी को निर्देश दिया गया है कि अगले एक सप्ताह में प्राथमिकता के तौर पर सत प्रतिशत योग्य पीएम किसान के लाभार्थियों का फार्मर आईडी बनाना सुनिश्चित करेंगें। -सीएससी किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें : -- -वैसे किसान अब तक किसी कारणवश फार्मर रजिस्ट्री नहीं करा पाए हैं, वे कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार अथवा हल्का कर्मचारी, नजदीकी सीएससी-वसुधा केंद्र अथवा बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से अपना फार्मर आइडी बनवा सकते हैं। जिला कृषि पदाधिकारी हरिद्वार प्रसाद चौरसिया द्वारा समस्त किसान बंधुओं से अपील की गयी है कि वे डिजिटल एवं आधुनिक खेती की दिशा में आगे बढ़ते हुए शीघ्र अपना फार्मर रजिस्ट्री अवश्य बनवाएं। साथ ही सीएससी संचालकों से भी अपील की जाती है कि वे अभियान में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




