पथ निर्माण विभाग के अप्रूवल के इंतजार में फोर लेन का प्रस्ताव
-हिन्दुस्तान अभियान : एयरपोर्ट तक बने फोर लेन : पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया एयरपोर्ट की फोर लेन कनेक्टिविटी का प्रस्ताव पथ निर्माण विभाग के अप

पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया एयरपोर्ट की फोर लेन कनेक्टिविटी का प्रस्ताव पथ निर्माण विभाग के अप्रूवल का इंतजार कर रहा है। नेशनल हाईवे 107 (वनभाग-मरंगा बायपास) पर दुर्गा चौक से डीएवी चौक, चूनापुर होकर एयरपोर्ट तक फोर लेन कनेक्टिविटी का प्रस्ताव पथ निर्माण विभाग की ओर से लंबे समय पहले तैयार की गयी थी। प्रस्ताव तैयार करने के साथ इसे सक्षम प्राधिकार की स्वीकृति के लिए पटना भी भेज दिया गया। मगर इसके बाद इस प्रस्ताव की सुध नहीं ली गयी। पूर्णिया एयरपोर्ट तक फोर लेन कनेक्टिविटी को लेकर न तो जनप्रतिनिधियों ने कभी राग अलापा न ही जिला प्रशासन ने तत्परता दिखायी।
अलबत्ता हवाई यात्री अपनी पीड़ा समय-समय पर बयां करते रहे। अब प्रशासन पुराने प्रस्ताव की पड़ताल किये बिना हरदा से फोर लेन कनेक्टिविटी का नया प्रस्ताव तैयार करने में जुट गया है। इधर, सिंगल रोड कनेक्टिविटी के कारण हवाई यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। इसके चलते नये शहरों के लिए कनेक्टिविटी नहीं मिल पायी है। क्योंकि देश में शायद पूर्णिया एयरपोर्ट ही होगा जिसकी सिंगल लेन रोड कनेक्टिविटी है। -पथ निर्माण विभाग के मंत्री ने कहा, अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा : ---- -पथ निर्माण विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल सीमांचल से ही आते हैं। सीमांचल के लोगों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए वह सदैव सजग और प्रयासरत भी रहे हैं। पूर्णिया एयरपोर्ट की शुरूआत में भी उनकी महती भूमिका रही। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्रांजिट विजिट के दौरान पूर्णिया सैन्य हवाई अड्डा पर दिलीप जायसवाल ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में जायसवाल ने कहा कि एनएच 107 बायपास से एयरपोर्ट तक फोर लेन कनेक्टिविटी के मामले को लेकर वह जल्द अधिकारियों के साथ समीक्षा करेंगे। उन्होंने मधुबनी से वनभाग तक सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजने का भी दिशा निर्देश प्रशासनिक अधिकारियों को दिया है। ----- -मुख्य सचिव से पूछा : बताया जाये कब तक एप्रूवल और कब तक पूर्ण होगा कार्य --- -पूर्णिया एयरपोर्ट की फोरलेन कनेक्टिविटी के बारे में बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को समाजसेवी विजय श्रीवास्तव ने पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार एवं एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिंग पांच जून 2023 को हस्ताक्षरित होने के बावजूद सिविल एक्लेव का एनएच से फोरलेन कनैक्टिविटी का नहीं होना पूर्णिया एयरपोर्ट के हवाई जहाज यात्रियों के लिये दुखदायी एवं पीड़ादायी है। एन एच 107 बायपास से पूर्णिया एयरपोर्ट तक का एस्टीमेट पथ निर्माण विभाग के मुख्यालय को समर्पित किया गया है। कृपया बताया जाये कि अप्रुवल कब-तक मिलेगा और कार्य कब तक पूर्ण होगा। उन्होंने विभाग के सचिव, प्रबंध निदेशक, प्रमंडलीय आयुक्त व जिला पदाधिकारी को भी इसकी प्रतिलिपि भेजी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




