Purnia News: गुलाबबाग जीरो माइल क्षेत्र में अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर जल्द होगी कार्रवाई
Purnia News: -पूर्णिया सदर एसडीएम व एसडीपीओ-वन ने संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त रूप से किया गहन निरीक्षण पूर्णिया, वरीय संवाददाता। गुलाबबाग जीरो माइल क्षेत्र में

Purnia News: पूर्णिया, वरीय संवाददाता। गुलाबबाग जीरो माइल क्षेत्र में प्रशासनिक एवं पुलिस टीम के संयुक्त निरीक्षण के बाद अतिक्रमण और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। पूर्णिया सदर एसडीएम, एसडीपीओ -वन पूर्णिया एवं स्थानीय थानाध्यक्ष के साथ संयुक्त रूप से गुलाबबाग जीरो माइल एवं आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विश्वस्त सूत्रों एवं स्थानीय सूचनाओं के आधार पर यह बात सामने आई है कि कुछ असामाजिक तत्वों (महिलाओं एवं पुरुषों) द्वारा सरकारी सड़क की जमीन पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर गैर-कानूनी गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसके साथ ही कतिपय असामाजिक तत्वों द्वारा अपने निजी मकानों में अनैतिक देह व्यापार (वेश्यावृत्ति) संचालित किए जाने की गम्भीर सूचनाएं भी प्राप्त हुई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सड़क की अतिक्रमित सरकारी भूमि को पूर्णतः मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही एक व्यापक एवं विशेष अभियान चलाया जाएगा। अनैतिक देह व्यापार की सत्यता की जांच तथा अग्रेतर कार्रवाई हेतु अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 के तहत प्रतिनियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी से विस्तृत जांच प्रतिवेदन की मांग की गई है। विशेष पुलिस अधिकारी का प्रतिवेदन प्राप्त होते ही इस अवैध कार्य में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 18 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए चिन्हित सभी संदिग्ध भवनों एवं परिसरों को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तथा सामाजिक सौहार्द एवं शांति भंग करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। सार्वजनिक संपत्तियों पर अतिक्रमण हटाने तथा अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों के पूर्ण उन्मूलन के लिए प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।

