अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही दिशा चुनें छात्र

May 06, 2026 09:50 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

-पीजी मनोविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित काउंसलिंग में मनोवैज्ञानिक ने किया प्रेरित पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार ही सही

अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही दिशा चुनें छात्र

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता।अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार ही सही दिशा छात्र-छात्राएं चुनें। उक्त बातें पूर्णिया विश्वविद्यालय के पीजी मनोविज्ञान विभाग द्वारा आयोजित काउंसलिंग में प्रख्यात मनोवैज्ञानिक डॉ. प्रीति माथुर ने कही। इस दौरान उन्होंने मनोविज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर व अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला और छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। -वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आवश्यक :-पीजी मनोविज्ञान विभाग द्वारा महत्वपूर्ण काउंसलिंग सत्र का आयोजन बुधवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय में किया गया, जिसमें प्रख्यात मनोवैज्ञानिक डॉ. प्रीति माथुर ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों को संबोधित किया। अपने व्याख्यान में उन्होंने मनोविज्ञान के क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर व अवसरों पर विस्तार से चर्चा की तथा बताया कि एक मनोवैज्ञानिक के रूप में काउंसलिंग, क्लिनिकल प्रैक्टिस, रिसर्च, प्रशिक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

डॉ. माथुर ने अपने 28 वर्षों के अनुभव के आधार पर विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि वर्तमान समय में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ मनोवैज्ञानिकों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही दिशा चुनने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पीजी मनोविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आभा मिश्रा ने विषय प्रवेश कराते हुए कहा कि काउंसलिंग के माध्यम से निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है और जीवन की जटिल परिस्थितियों को समझना आसान हो जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के सत्र से छात्रों को करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में स्पष्टता प्राप्त होगी। इस अवसर पर अररिया कॉलेज की सहायक प्राध्यापिका डॉ. नीतू कुमारी ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन मारवाड़ी कॉलेज की सहायक प्राध्यापिका डॉ. बिजोइता दास ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्रों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पीजी मनोविज्ञान विभाग, डीएस कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज तथा अररिया कॉलेज के छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सत्र के अंत में विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न पूछकर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया, जिससे उन्हें अपने भविष्य के करियर को लेकर नई दिशा और प्रेरणा मिली।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।