Purnia News: उदय बिहारी की गिरफ्तारी के साथ राज हो जाएगा पर्दाफाश
Purnia News: -हिन्दुस्तान फॉलोअप : नेवालाल चौक गोलीकांड: उदय बिहारी को शुभम पर था शक पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर के चर्चित नेवालाल चौक गोलीकांड की गुत्थी

Purnia News: पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। शहर के चर्चित नेवालाल चौक गोलीकांड की गुत्थी लगभग सुलझ गई है। मामले में थोड़ी बहुत धुंध सूरज बिहारी के छोटे भाई उदय बिहारी की गिरफ्तारी के साथ छट जाएगी। इसके लिए पुलिस ने प्रयास तेज कर दिया है। घटना के कुछ आरोपियों एवं हाथ लगे कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्यों के सहारे पुलिस इस नतीजे पर पूरी तरह पहुंच गई है कि घटना का मुख्य साजिशकर्ता उदय बिहारी ही था। उसी ने जेल गए अयान खान को शूटरों की व्यवस्था करने का जिम्मा सौंपा था। पुलिस अब घटना से उदय बिहारी की कड़ी दर कड़ी जोड़ने में लगी है।
पुलिस की मानें तो इस बात का इनपुट मिला है कि उदय बिहारी को जेल में बंद सूरज बिहारी के हत्यारोपियों को बेल करवाने की कोशिश में शुभम कुशवाहा के लगे होने का शक था। दरअसल सूरज बिहारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी ब्रजेश सिंह से शुभम कुशवाहा की गहरी दोस्ती रही थी। मसलन उदय बिहारी को इस बात की भनक लगी थी कि शुभम कुशवाहा, ब्रजेश सिंह एवं उसके साथियों की बेल करवाने की भरपूर कोशिश में लगा हुआ है। इसके लिए कानूनी सलाह से लेकर उसकी बेल की पैरवी के लिए शुभम कुशवाहा जानकार वकीलों के इंतजाम में लगा हुआ है। इस बात की भनक लगते ही उदय बिहारी बौखला गया और शुभम कुशवाहा को ठिकाने लगाने के लिए उसकी हत्या की सुपारी दे डाली। पुलिस मिले इनपुट के सत्यापन में लगी है। सदर वन एसडीपीओ अभिनव पराशर ने बताया कि पुलिस उदय बिहारी एवं अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। उदय बिहारी की गिरफ्तारी के साथ घटना से जुड़े समूचे राज का खुलासा हो जाएगा।


