
पूर्णिया हवाई अड्डा को चाहिए फोर लेन कनेक्टिविटी
-खबर के साथ लोगो भी लगाएं : पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया हवाई अड्डा ने पांच माह में ही अपनी उपयोगिता साबित कर दी है। सीमांचल-कोसी से रोजाना करी
पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया हवाई अड्डा ने पांच माह में ही अपनी उपयोगिता साबित कर दी है। सीमांचल-कोसी से रोजाना करीब एक हजार यात्रियों का दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता व अहमदाबाद से आवागमन हो रहा है। अफसोस पूर्णिया एयरपोर्ट को अभी तक फोर लेन कनेक्टिविटी नहीं मिल पायी है। जानकार बताते हैं कि फोर लेन से संपर्क के बाद पूर्णिया एयरपोर्ट जल्द ही मुंबई, बैंगलुरू, चेन्नई, गुआहाटी और पटना की फ्लाइट भी जल्द शुरू हो सकती है। कई एयरलायंस कंपनियां रोड के कारण ही अपनी सेवा शुरू करने से पीछे हट रही है। हैरानी की बात यह है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बैठक में पूर्णिया एयरपोर्ट को फोर लेन से जोड़ने के प्रस्ताव पर सहमति के बावजूद अभी तक सार्थक परिणाम सामने नहीं आया है।
पूर्णिया एयरपोर्ट को चुनापूर और डीएवी चौक होते हुए नेशनल हाइवे बायपास 107 से फोर लेन से जोड़ने का प्रस्ताव जिला प्रशासन द्वारा तैयार कर सरकार को भेजा गया। इस पर राज्य स्तर पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। अहम बात तो यह है कि इस प्रस्ताव को पूरी तैयारी के साथ भेजा गया। प्रस्ताव में कहा गया कि बमडम कोई बाधक नहीं है। यहां अंडरपास का निर्माण कर फोर लेन से इस रोड का कनेक्ट कर दिया जायेगा। इसकी सहमति भी रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों के द्वारा दी गयी थी। मगर अचानक यह प्लान राह भटक गया। अब हरदा से एयरपोर्ट तक फोर लेन निर्माण का नया प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की जरूरत होगी। कुल मिलाकर फोर लेन कनेक्टिविटी में लंबा समय लग जायेगा। इसके चलते नयी उड़ान शुरू नहीं हो पायेगी और इसका खामियाजा उठाएंगे सीमांचल और कोसी की जनता। अहम तो यह है कि अभी जो डीएवी चौक से चुनापूर होकर एयरपोर्ट तक मुख्य मार्ग है, उसकी हालत भी ठीक नहीं। उदघाटन के समय जल्दबाजी में काम किया गया था। बिन बरसात के ही सड़क के किनारे से मिट्टी खिसकने लगी है। पूर्णिया में जमकर बारिश होती है। मानसूनी बौछार को मौजूदा सड़क शायद ही झेल पाये। ऐसे में हवाई यात्रियों को तो जो परेशानी होगी वह अलग, प्रशासन की फजीहत भी कम नहीं होगी। समय रहते सचेत होने की जरूरत है। अभी इस सिंगल रोड पर शाम ढलते ही अंधेरा पसर जाता है। भविष्य में रात में हवाई सेवा शुरू होने के मद्देनजर इस रोड के चौड़ीकरण के अलावा प्रकाश की व्यवस्था की भी जरूरत है। -------- -पांच महीने से जनता भर रही उड़ान, रोड की फिक्र क्यों नहीं? ---- -पूर्णिया एयरपोर्ट का प्रधानमंत्री के हाथों 15 सितंबर को उदघाटन किया गया। इसके बाद करीब पांच महीने से हजारों की संख्या में जनता यहां से रोजाना उड़ान भर रहे हैं। बावजूद इसके रोड की फिक्र क्यों नहीं। यह सवाल जनता को साल रहा है। पूर्णिया एयरपोर्ट से सबसे नजदीक का रास्ता चुनापूर, डीएवी होते हुए एनएच 107 बायपास तक का है। इस होकर आने में सिर्फ पांच किलोमीटर का सफर है। अभी इसी सड़क होकर हवाई यात्रियों का आवागमन हो भी रहा है। बावजूद सड़क के चौड़ीकरण की दिशा में प्रशासन से लेकर राज्य सरकार खामोश है। -एयरपोर्ट के चारों ओर रोड, सिर्फ बनाने की जरूरत : -- -पूर्णिया एयरपोर्ट के चारों ओर रोड है। मसलन चुनापूर से वनभाग होते हुए जाएं तो आठ किलोमीटर का सफर। चुनापूर से डीएवी होकर पूर्णिया आये तो पांच किलोमीटर। एयरपोर्ट से गोआसी व हरदा होकर कटिहार-भागलपुर जा सकते हैं। एयरपोर्ट से कामाख्या स्थान होकर होकर कटिहार-भागलपुर जा सकते हैं। एयरपोर्ट से वनभाग होकर धमदाहा, बनमनखी जा सकते हैं। चारो ओर रोड के बावजूद एक मुख्य सड़क का निर्माण कर फोर लेन से जोड़ने की दिशा में पहल की जरूरत है। -कनेक्टिविटी को लेकर गोलबंद हो रहा एयरपोर्ट फॉर पूर्णिया मंच : --- -एयरपोर्ट फॉर पूर्णिया मंच एक बार फिर राह की चाह को लेकर गोलबंद होने लगा है। मंच के सर्वेसर्वा विजय श्रीवात्सव सवाल उठाते हैं कि बिहार सरकार एवं एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के बीच मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टेंडिंग (एम•ओ•यू•) 05.06.2023 को हस्ताक्षरित होने के बावजूद सिविल एंक्लेव का एनएच से फोरलेन सड़क की कनैक्टिविटी आज तक नहीं हुई है। हैरानी की बात यह है कि 24 अक्टूबर 2024 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में पूर्णिया एयरपोर्ट पर बैठक में फोर लेन कनेक्टिविटी को लेकर निर्णय लिया गया था। उन्होंने इस संबंध में सीएम से लेकर पीएम तक सभी को पत्र लिखा है। -बोले अधिकारी : एयरपोर्ट के चारों ओर होगी बेहतर कनेक्टिविटी : ---- -आरसीडी के कार्यपालक अभियंता पंकज कुमार बताते हैं कि पूर्णिया एयरपोर्ट की फोर लेन कनेक्टिविटी को लेकर पहले भी प्रस्ताव भेजा गया है। नया प्रस्ताव भी भेजा जा रहा है। उनके मुताबिक एयरपोर्ट से चुनापुर, डीएवी चौक होते हुए एनएच 107 के बायपास से जोड़ने का प्रस्ताव भेजा गया है। नया प्रस्ताव हरदा से फोर लेन कनेक्टिविटी को लेकर तैयार हो रहा है। भविष्य में पूर्णिया-पटना एक्सप्रेस वे से भी इसे जोड़ा जायेगा। जिलाधिकारी के द्वारा एयरपोर्ट के चारों ओर सड़क की बेहतर संपर्कता को लेकर निर्देश दिया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




