पूर्णिया एयरपोर्ट : गोआसी से डॉलर हाउस चौक तक 150 करोड़ से बनेगी सड़क

Newswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share

-फोटो : 02 : गोआसी से चुनापूर पुल की ओर जाने वाली रोड जो फोर लेन बनने वाली है। पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन से न

पूर्णिया एयरपोर्ट : गोआसी से डॉलर हाउस चौक तक 150 करोड़ से बनेगी सड़क

पूर्णिया, वरीय संवाददाता। पूर्णिया एयरपोर्ट के अंतरिम टर्मिनल भवन से निकलने के बाद यात्री गोआसी से डीएवी स्कूल चौक होकर एनएच 107 बायपास होते हुए अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। दूसरे चरण के रोड के लिए पथ निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके तहत गोआसी से डॉलर हाउस चौक तक फोर लेन रोड का निर्माण होना है। 4.5 किलोमीटर रोड के निर्माण पर करीब 150 करोड़ खर्च होने वाला है। यह रोड 14 मीटर चौड़ी होगी। इस रोड पर लाइटिंग के साथ लैंड स्केपिंग का कार्य भी किया जायेगा। चुनापूर गांव के सामने एक पुल है। पैरलल ब्रिज बनाने का प्रस्ताव भी विभाग को भेजा गया है। संपर्थ पथ बनने के बाद गोआसी से डीएवी चौक होकर लोग नेशनल हाईवे 107 के बायपास तक आएंगे। अभी गोआसी से पुल तक नाम की ही सड़क है। सिंगल लेन ईंट की रोड है। हवाई अड्डा से तीन माह में उड़ान के दावे के बीच इस रोड का निर्माण भी तेजी से करना जरूरी होगा। मानसून से पहले रोड बनने पर ही हवाई यात्रियों के लिए आवागमन सुगम होगा। अन्यथा मानसून के दिनों में रोड निर्माण में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि विभाग से मंजूरी मिलते ही इस रोड का निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जायेगा।

----

-930 मीटर का संपर्क पथ मई तक तैयार :

-पूर्णिया एयरपोर्ट के संपर्क पथ का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। 930 मीटर में सड़क बनाई जा रही है। यह 14 मीटर चौड़ी होगी। इस पर कुल 14 करोड़ की राशि खर्च होने वाली है। पथ निर्माण विभाग की ओर से यहां कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इसका निर्माण मई तक कर लेने का दावा अधिकारियों के द्वारा किया जा रहा है। पिछले दिनों डीएम कुंदन कुमार स्वयं अधिकारियों के साथ इस रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

-पूर्णिया-पटना एक्सप्रेस वे से भी होगी कनेक्टिविटी :

-पूर्णिया-पटना एक्सप्रेस वे एयरपोर्ट को भी कनेक्ट किया जा रहा है। एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक पटना से पूर्णिया आने के क्रम में नेशनल हाईवे 107 के साथ बायपास से एक्सप्रेस वे को कनेक्ट किया जायेगा। ताकि सहरसा, मधेपुरा, बीकोठी, धमदाहा से आने वाले हवाई यात्रा आसानी से एयरपोर्ट तक पहुंच पाएं। बता दें कि जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार ने भी पूर्णिया-पटना एक्सप्रेस वे से पूर्णिया एयरपोर्ट को कनेक्ट करने को लेकर एनएचएआई अधिकारियों के साथ पत्राचार किया था।

-चार माह में अंतरिम टर्मिनल भवन बनाने का लक्ष्य :

-पूर्णिया एयरपोर्ट पर अंतरिम टर्मिनल भवन निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद कानपुर की कंपनी को वर्क आर्डर अलॉट हो चुका है। इसके लिए चार माह में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। पोर्टा केबिन टर्मिनल भवन बनाने में ज्यादा देरी भी नहीं लगेगी। दूसरे चरण के कार्य के तहत पूर्णिया एयरपोर्ट पर सिविल इनक्लेव में एप्रोन, टैक्सीवे, जीएसई व रोड के लिए भी टेंडर जारी किया गया है। इस कार्य के लिए भी टेंडर की प्रक्रिया अलॉट होने के करीब है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।