एसपी ने लगाया जनता दरबार, दस मामलों की सुनवाई

Dec 21, 2025 12:33 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, पूर्णिया
share Share
Follow Us on

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता। मुफस्सिल थाना रानीपतरा परिसर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

एसपी ने लगाया जनता दरबार, दस मामलों की सुनवाई

पूर्णिया पूर्व, एक संवाददाता।मुफस्सिल थाना रानीपतरा परिसर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। जनता दरबार में आए आवेदकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने बताया कि गृह विभाग के निर्देश पर दूर-दराज के ग्रामीणों की समस्याओं को थाना स्तर पर सुनने और समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस जनता दरबार में कुल 10 मामले सामने आए, जिनमें अधिकांश मामले भूमि विवाद से संबंधित थे।

सभी पक्षकारों को नोटिस देकर अगली सुनवाई के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है, साथ ही त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जनता दरबार में एक गंभीर मामला पिपरा गांव फारूक टोला निवासी कहकशा प्रवीण के पति की हाल ही में हुई हत्या से जुड़ा भी सामने आया। पीड़ित पक्ष ने बताया कि इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि सात आरोपी अब भी फरार हैं और पीड़ित परिवार को लगातार धमकी देकर केस उठाने का दबाव बना रहे हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए या फिर न्यायालय से आदेश लेकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाए। जनता दरबार में मुफस्सिल थानाध्यक्ष सहित थाना में कार्यरत सभी पुलिसकर्मी मौजूद थे। ..................................................... तीन भूमि विवादों का मौके पर निष्पादन फोटो-20purn34-अंचल कार्यालय में लगे जनता दरबार में अधिकारी एवं अन्य। जलालगढ़, एक संवाददाता। सरकार के निर्देशानुसार अब जनता दरबार थाना परिसर के बजाय अंचल कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत शनिवार 20 दिसंबर से जनता दरबार का आयोजन अंचल कार्यालय स्थित प्रखंड सभागार में शुरू किया गया। पहले दिन आयोजित जनता दरबार में कुल तीन मामलों की सुनवाई हुई, जिनका मौके पर निष्पादन कर दिया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता अंचल अधिकारी सबीहुल हसन ने की। इस दौरान अंचल निरीक्षक सुमन कुमार के अलावा कर्मचारी अरविंद कुमार और सद्दाम हुसैन भी मौजूद रहे। जनता दरबार में पहला मामला द्रौपदी देवी बनाम मिथिलेश कुमार साह, निवासी हांसी, दूसरा मामला सरिता देवी बनाम दिनेश विश्वास, निवासी सौठा तथा तीसरा मामला तबरेज आलम बनाम मदन ऋषि, निवासी कमालपुर से जुड़ा था। सभी मामले भूमि विवाद से संबंधित थे। अंचल अधिकारी सबीहुल हसन ने बताया कि जनता दरबार में आए तीनों भूमि विवादों की जांच के बाद समाधान कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अंचल कार्यालय में जनता दरबार लगने से लोगों को प्रशासनिक स्तर पर अपनी समस्याओं के समाधान में और सहूलियत मिलेगी। ............................................. जनता दरबार में 19 मामलों की सुनवाई में 11 का निष्पादन फोटो-20purn33- केनगर में आयोजित जनता दरबार में मौजूद अघिकारी एवं पक्षकार। केनगर, एक संवाददाता। भूमि विवाद एवं अन्य समस्याओं के समाधान को लेकर केनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित सद्भावना सभागार परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार की अध्यक्षता केनगर अंचलाधिकारी दिवाकर कुमार एवं केनगर थाना के पुलिस पदाधिकारी विजेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से की। राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह ने बताया कि जनता दरबार में केनगर, मरंगा और चम्पानगर थाना क्षेत्र से कुल 19 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें से 11 मामलों का मौके पर निष्पादन कर दिया गया। शेष 8 मामलों की सुनवाई आगामी जनता दरबार में की जाएगी। उन्होंने बताया कि केनगर थाना से आए 10 मामलों में से 5, मरंगा थाना के 5 मामलों में से 3 तथा चम्पानगर थाना के 4 मामलों में से 3 मामलों का निष्पादन किया गया। निष्पादित मामलों के पक्षकारों को पुलिस पदाधिकारी विजेंद्र कुमार ने निर्देश दिया कि किए गए समझौते के विरुद्ध कोई भी पक्ष भविष्य में विवाद उत्पन्न नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि शांति भंग होने की स्थिति में जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले पक्षकारों के विरुद्ध एकपक्षीय कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जनता दरबार में राजस्व अधिकारी भवेश कुमार सिंह के साथ राजस्व कर्मचारी सुमन कुमार सहित अन्य संबंधित राजस्व कर्मियों की भी उपस्थिति रही। विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में सभी कर्मियों का योगदान सराहनीय रहा।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;