
प्रधानमंत्री के पूर्णिया दौरे की तैयारियों का प्रमंडलीय आयुक्त ने किया निरीक्षण
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं।
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार को प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने पूर्णिया हवाई अड्डा और जीरो माइल शीशाबाड़ी एसएसबी ग्राउंड का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके साथ कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। पूर्णिया हवाई अड्डे पर आयुक्त ने प्रधानमंत्री के आगमन व प्रस्थान से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, आपातकालीन सेवाओं, यातायात प्रबंधन सहित हर पहलू की गहन समीक्षा की। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री के काफिले के सुचारू आवागमन और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद आयुक्त ने जीरो माइल शीशाबाड़ी एसएसबी ग्राउंड में प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया।
सभा मंच, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश व निकास द्वार, पार्किंग क्षेत्र सहित बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी बारीकी से परीक्षण किया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं पूर्णता एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं ताकि सभा स्थल पर किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाए रखने की भी बात कही, जिससे तैयारियों में कोई भी कमी न रह जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के दौरे में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से पूर्णिया क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनकल्याण की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




